हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह की सास ने 5वें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स में जीते चार गोल्ड
शिमला/एजेंसी। हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह की सास ओपिंदर कौर सेखों ने सेक्टर 7 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे 5वें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स में 65 साल से अधिक महिलाओं की कैटेगरी में चार गोल्ड मेडल जीते हैं। सेखों ने 100 मीटर स्प्रिंट में 19.21 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद उन्होंने 200 मीटर इवेंट में भी जीत दर्ज की। फील्ड इवेंट्स में उन्होंने डिस्कस थ्रो में 24.22 मीटर की दूरी तय करके पहला स्थान हासिल किया। उनका चौथा गोल्ड मेडल रिले रेस में आया।
बता दें कि बुशहर (रामपुर-बुशहर) की पूर्व रियासत से ताल्लुक रखने वाले विक्रमादित्य की शादी ओपिंदर सेखों की बेटी डॉ. अमरीन कौर सेखों से हुई है। अमरीन पंजाब यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। वो यहां साइकोलॉजी पढ़ाती हैं। ओपिंदरकौर सेखों ने इस महीने तलवंडी साबो में हुई नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी 100 मीटर (19.53s) और 200 मीटर (47.76s) में गोल्ड मेडल जीते थे। सेखों ने नेशनल मास्टर्स इवेंट्स में अब तक 150 से ज़्यादा मेडल जीते हैं।
ओपिंदर कौर सेखों सेक्टर 7 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नियमित रूप से ट्रेनिंग करती हैं। वो पंजाब यूनिवर्सिटी (1981-83) और पंजाबी यूनिवर्सिटी (1984) में ‘बेस्ट एथलीट’ का खिताब भी जीत चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने केरल में हुई मास्टर्स नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था। इसके अलावा विभिन्न नेशनल प्रतियोगिताओं में डिस्कस थ्रो में भी मेडल हासिल किए थे।
विक्रमादित्य सिंह हिमाचल कांग्रेस के एक प्रमुख राजनेता हैं। वो हिमाचल प्रदेश के दिवंगत छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा वर्तमान हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के पुत्र हैं। वे शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और राज्य मंत्रिमंडल में लोक निर्माण विभाग तथा शहरी विकास विभागों का प्रभार संभालते हैं। उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से इतिहास में एमए किया है और अपने ‘यूथ कांग्रेस’ के दिनों से ही राजनीति में सक्रिय रहे हैं।




