महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण भारतीय जनता पार्टी में हुए शामिल

मुंबई/एजेंसी। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण मंगलवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। अब वो बीजेपी के साथ अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे। मंगलवार दोपहर राज्य पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मुंबई प्रमुख आशीष शेलार और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने 66 साल के चव्हाण का बीजेपी में गर्मजोशी से स्वागत किया। बीजेपी में आने के सवाल पर चव्हाण ने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि हम नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेकर देश और राज्य के विकास में योगदान दे सकें। अशोक चव्हाण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद दिया। चव्हाण के साथ पूर्व एमएलसी अमर राजूरकर भी बीजेपी में शामिल हो गए।
बीजेपी कार्यालय में चव्हाण का स्वागत करने के लिए प्रवीण दरेकर, गिरीश महाजन, हर्षवर्द्धन पाटिल जैसे अन्य वरिष्ठ भी मौजूद थे। उनके गृह नगर नांदेड़ में बीजेपी कार्यालय के बाहर सभा और जश्न के बीच बावनकुले ने सदस्यता फॉर्म पर हस्ताक्षर करा कर उन्हें आधिकारिक तौर पर बीजेपी में शामिल कर लिया। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए चव्हाण ने कहा कि वह अब से बीजेपी के साथ अपने राजनीतिक करियर का एक नया अध्याय शुरू करेंगे।
अशोक चव्हाण ने कहा कि मैं जहां भी रहा हूं ईमानदारी से काम किया है। बीजेपी में शामिल होने के बाद वह ईमानदारी से काम करने का भरोसा देंगे। आगामी चुनाव में बीजेपी को ज्यादा से ज्यादा सीटें जिताने की कोशिश करेगी। अशोक चव्हाण ने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है। मैं किसी की आलोचना नहीं करूंगा।




