खाटू श्याम कॉरिडोर बना सरकार की गले की बना फांस!, कस्बा रहा बंद
Khatu Shyam Corridor became a noose around the neck of the government, the town remained closed

जयपुर/एजेंसी। राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम जी मंदिर में भजनलाल सरकार ने बजट सत्र में 100 करोड रुपए का कॉरिडोर बनाने की घोषणा की, लेकिन अब यह घोषणा सरकार के गले का फांस बनती जा रही है। कॉरिडोर को लेकर खाटू श्याम कस्बे में जमकर विरोध हो रहा है। इसको लेकर गुरुवार को खाटू श्याम कस्बा बंद रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉरिडोर के लिए सरकार जो मास्टर प्लान लागू करने जा रही है, यदि ऐसा हुआ तो पूरा कस्बा तहस-नहस हो जाएगा।
भजनलाल सरकार ने हाल ही में बजट सत्र के दौरान राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम जी मंदिर के लिए कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया। यह कॉरिडोर 100 करोड रुपए की लागत से बनेगा। इसको लेकर मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जहां रोड की चौड़ाई, चौराहे, पार्क समेत शहर के सौंदर्यकरण समेत कई कार्य होंगे, लेकिन इस मास्टर प्लान को लेकर अब लोगों में जमकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मास्टर प्लान बनाने से पहले स्थानीय लोगों की राय नहीं ली गई। इसे बंद कमरे में बैठकर ही तैयार कर लिया गया, यदि सरकार का यह मास्टर प्लान लागू होगा, तो खाटू श्याम कस्बा पूरी तरह तबाह हो जाएगा, क्योंकि लोगों की पूरी की पूरी जमीन मास्टर प्लान में आ रही है। इससे लोग बर्बाद हो जाएंगे।
इस दौरान खाटू श्याम कस्बे के लोगों ने स्थानीय बाजार और दुकानों को बंद कराकर अपना विरोध जताया। लोगों ने मांग उठाई की, जो मास्टर प्लान बनाया गया है, उसे तत्काल निरस्त किया जाए और स्थानीय लोगों से विचार विमर्श के बाद नया मास्टर प्लान तैयार किया जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक मास्टर प्लान को रद्द नहीं किया जाएगा, तब तक खाटू श्याम कस्बे में लगातार विरोध जारी रहेगा। बता दें कि इससे पहले भी मास्टर प्लान को लेकर खाटू श्याम कस्बे में विरोध के स्वर उठ चुके हैं। इसको लेकर सीकर के सांसद अमराराम ने सरकार को चेतावनी दी थी कि यदि यह मास्टर प्लान लागू हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।




