लोकसभा चुनाव से पहले जेल से बाहर आना चाहता है राम रहीम, हाई कोर्ट से लगाई गुहार

चंडीगढ़/एजेंसी। साध्वी यौन शोषण मामले और डेरा के एक प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या के मामले में सजा काट रहा राम रहीम जेल से बाहर आना चाहता है। रोहतक की सुनारिया जेल में बंद राम रहीम ने पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट के समक्ष गुहार लगाई है कि वो परोल या फरलो के लिए आवेदन करना चाहता है। दरअसल हाई कोर्ट की एक खंडपीठ ने राज्य को निर्देश दिया था कि भविष्य में अदालत की अनुमति के बिना डेरा प्रमुख के पैरोल के आवेदन पर विचार न किया जाए। डेरा प्रमुख की अर्जी में कहा गया कि उसे किसी भी स्तर पर कोई विशेष विशेषाधिकार नहीं दिया गया है।
डेरा प्रमुख की ओर से दायर याचिक के अनुसार, उसके पास अभी भी 41 दिन की परोल-फरलो बची हुई है। उसने याचिका में कहा है कि वह इसका लाभ उठाना चाहता है। उसने दावा किया है कि वह इस साल 20 दिन की परोल और 21 दिन की फरलो सहित कुल 41 दिनों की अवधि के लिए रिहाई के लिए पात्र है। कोर्ट के आदेशों पर रोक हटाने की मांग करते हुए उसने दलील दी है कि उसे दी गई परोल उन दोषियों के समान है जो इसी तरह की स्थिति में हैं।
बता दें कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को अपनी दो सेविकाओं के साथ दुष्कर्म के आरोप में 20 साल की जेल हुई है। 2021 में राम रहीम को डेरा के एक प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या के मामले मे 4 अन्य के साथ दोषी ठहराया गया था। डेरा प्रमुख और 3 अन्य को 2019 में एक पत्रकार की हत्या के मामले में 16 साल की जेल हुई थी। वो इस समय हरियाणा के रोहतक जिले की सुनारिया जेल में बंद है। राम रहीम अबतक 2022 से 6 बार फरलो और परोल लेकर 192 दिन तक बाहर आ चुका है। यह पहली बार है कि हरियाणा और पंजाब में हो रहे आम चुनाव बिना राम रहीम के हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button