नाबालिग के साथ गैंगरेप करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, बॉयफ्रेंड ने साथियों संग गैराज में वारदात को दिया अंजाम

लखनऊ/उत्तर प्रदेश। राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में एक नाबालिग के साथ गैंगरेप के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को पुलिस ने हुसैनबाद इलाके के पिक्चर गैलरी के पास से पकड़ा है। इनमें नाबालिग का बॉयफ्रेंड भी शामिल है। बॉयफ्रेंड ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पहले पीड़िता को अगवा किया, फिर गैराज में बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना बीते 3 मई देर रात की है।
ठाकुरगंज इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि नाबालिग की दोस्ती हिमांशु सोनी नाम के युवक से थी। इसी ने पीड़िता को अपनी बातों में फंसाया। इसके बाद दोस्त साहिल की भी मदद ली और नाबालिग को अपने साथ गैराज ले गया। यहां हिमांशु के साथ साहिल, अनिल, वाहिद और समीर ने गैंगरेप किया। सभी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। हिमांशु सोनी आर्केस्ट्रा में गाना गाने का काम करता है। वहीं अन्य आरोपी बैटरी रिक्शा चलाते हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने गैराज में गैंगरेप किया। फिर जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, तब उसे एक मंदिर के पास गेट के बाहर छोड़कर भाग गए। जाते-जाते सभी ने किसी से कुछ भी बताने के लिए मना किया और जान से मारने की धमकी दी। नाबालिग ने राहगीरों के सहारे परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे घर ले गए। बेटी के साथ हुए गैंग रेप की जानकारी होने पर परिजन ठाकुरगंज स्थित गऊघाट चौकी पहुंचकर मदद की गुहार लगाई।




