बिना हाथ के ही सूरज ने किया वोट, वृद्ध दंपति 12 किमी साईकल चलाकर पहुंचा पोलिंग बूथ, गुना में दिखा गजब का उत्साह

अशोकनगर/मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान को लेकर अशोकनगर जिले के मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया। ऐसे में जहां प्रशासन ने मतदाताओं को आदर्श एवं पिंक बूथ बनाकर आकर्षित किया। वहीं मतदाताओं ने भी भीषण गर्मी होने के बावजूद भी मतदान की प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान के अलग-अलग रंग, उत्साह और उमंग लोगों के बीच नजर आए।
बता दें, कि मंगलवार को गुना लोकसभा क्षेत्र के नए सांसद के लिए लोगों ने मतदान किया। जहां युवाओं से लेकर वृद्ध मतदाताओं सभी में काफी उत्साह देखा गया। 24 के लोकसभा चुनाव में दोनो प्रमुख सियासी दलों ने गुना निर्वाचन क्षेत्र से अपने अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे, भाजपा ने जहां ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने राव यादवेंद्र सिंह यादव को मैदान में उतारा है। इस सीट पर मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला, गुना में अब तक के आंकड़ों के हिसाब से लगभग 70 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
71 वर्षीय नंदलाल पुरोहित एवं 67 वर्षीय मुन्नीबाई जो वर्तमान में मुंगावली में निवास करते हैं, वे मतदान करने के लिए 12 किलोमीटर दूर साइकिल से भीषण गर्मी और तपन के बीच भेड़का गांव पहुंचे। मतदान दलों ने वृद्ध दंपति का स्वागत किया फिर उन्होंने अपने मत का उपयोग किया। वहीं जिला मुख्यालय से 3 किलोमीटर दूर बादशाहपुर गांव में रहने वाले सूरज राजपूत जो दोनों हाथों से दिव्यांग हैं। वह भी मतदान के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचे। सूरज के दोनों हाथ नहीं होने के कारण अपने पैर से चुनावी प्रक्रिया को संपन्न किया । पैर से ही हस्ताक्षर किए व हाथ की उंगली पर लगने वाली स्याही भी सूरज ने अपनी पैर की उंगली पर लगवाई । उसी उंगली से ईवीएम का बटन दबाकर लोकतंत्र के महोत्सव में हिस्सा लिया।
जिले में मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए जहां प्रशासनिक स्तर से लेकर निर्वाचन आयोग ने कई सोशल एक्टिविटी के जरिए लोगों को जागरूक किया। मंगलवार को तेज धूप और तपन होने के साथ-साथ तापमान भी बढ़ा, लेकिन मतदाताओं के उत्साह को कम नहीं कर पाया। प्रशासन के मुताबिक 2019 के लोकसभा चुनाव में जिले में जो मतदान हुआ था, उसकी तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ा है।




