छतरपुर में पानी के साथ आग उगल रहा है हैंडपंप, डर से सहमे ग्रामीण

छतरपुर,(मध्य प्रदेश)। जिले से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो एक हैंडपंप का है, जिसमें से आग निकल रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो छतरपुर जिले के बक्सवाहा थाना क्षेत्र के गांव कछार का है। पानी की जगह आग उगलते हुए इस हैंडपंप को देखने के लिए अब दूर-दूर से लोग आ रहे हैं। वहीं इसे लेकर ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण इस बात को समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर पानी देने वाला हैंडपंप अचानक आग कैसे उगलने लगा है। इस बात की सूचना प्रशासन को दी गई है। इसके बाद भूगर्भीय शास्त्रीयों की मदद से इसकी जांच की जाएगी।
दरअसल, छतरपुर जिले के बक्सवाहा नगर से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित एक गांव कछार में सब कुछ सामान्य था। लोग रोज की तरह हैंडपंप से पानी भरने के लिए जा रहे थे। गांव में कुल दो हैंडपंप हैं, जिनसे गांव के लोग पानी भरते हैं। इस दौरान सरकारी स्कूल के पास स्थित एक हैंडपंप पर पानी भरने गए थे। अचानक हैंडपंप से पानी के साथ आग निकलने लगी। इसके बाद लोग घबरा गए और वहां से हट गए। हैंडपंप से आग के साथ लगातार पानी निकल रहा है।
वहीं, गांव में रहने वाले लोग अब चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के अंदर कुल दो हैंडपंप हैं, जिनसे लोग पानी भरते थे लेकिन अब एक हैंडपंप आग उगल रहा है। अब एक ही हैंडपंप से लोगों का प्यास बूझ रहा है। बक्सवाहा क्षेत्र से पहले भी इस तरह के वीडियो सामने आए हैं, जिसमें हैंडपंप पानी उगल रहे हैं। मामले में स्थानीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को हैंड पंप के पास न जाने की सलाह दी है। अब जिला प्रशासन इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि आखिर उस क्षेत्र में ऐसा क्या है, जिसके चलते हैंडपंप पानी की जगह आग उगलते हैं। वहीं, जानकार कहते हैं कि कई बार जमीन के अंदर ज्वलनशील पदार्थ होता है, तब ऐसा होता है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यहां क्यों ऐसा हो रहा है।




