बिछियावां गांव में सेंध लगाकर बड़ी चोरी, नकदी समेत लाखों के जेवरात ले गए चोर

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। खखरेरू थाना क्षेत्र के बिछियावां गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने घर की दक्षिण दिशा की दीवार में सेंध लगाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखे दो बक्से और एक सूटकेस उठाकर कुछ दूरी पर ले गए, जहां उनमें रखा सामान निकालकर फरार हो गए। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार बिछियावां गांव निवासी लालता देवी पत्नी महेंद्र कुमार उर्फ मुन्नू ने खखरेरू थाने में तहरीर देकर बताया कि 21/22 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर की दक्षिण दिशा की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया। चोर घर में रखे बक्सों और सूटकेस को बाहर ले गए। उनमें पीड़िता और उनकी बेटी के करीब 10 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की दो अंगूठियां, मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, झुमका तथा चांदी की पायल, पेटी, घुंघरू समेत अन्य कीमती आभूषण रखे थे, जिन्हें चोर चोरी कर ले गए।
पीड़िता के मुताबिक सुबह करीब पांच बजे जब उनकी नींद खुली तो घर की दीवार कटी हुई मिली। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और घर में रखे बक्से व सूटकेस गायब थे। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को दी तथा खखरेरू थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
पीड़िता ने थानाध्यक्ष से अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने गांव में लगातार हो रही सेंधमारी की घटनाओं को लेकर चिंता जताते हुए रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि चोरी की घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। घटना के जल्द खुलासे के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button