निगम पार्षद के आंखों में धूल झोंक कर ठगों ने लगाया कैंप, पीएम उज्ज्वला योजना के नाम पर ठगे 60 हजार

नई दिल्ली। सेंट्रल दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में कुछ जालसाजों ने ना सिर्फ गरीब लोगों को चूना लगा दिया, बल्कि एक निगम पार्षद को भी गच्चा दे दिया। दरअसल एक जालसाज बीजेपी के निगम पार्षद के ऑफिस में गया और खुद को मिनिस्ट्री ऑफ रूरल डेवलेपमेंट से बताया। उसने इलाके में एक कैंप लगाने का निवेदन किया, जिसमें उसने पीएम उज्ज्वला योजना के तहत गरीब लोगों को सिलाई मशीन और एलपीजी सिलिंडर बांटने का दावा किया। आरोप है कि कैंप लगाने के बाद आरोपी और उनके साथी लोगों से रजिस्ट्रेशन फीस और फॉर्म लेकर फरार हो गए हैं। पुलिस सूत्र का कहना है कि निगम पार्षद की शिकायत पर पहाड़गंज थाने में धोखाधड़ी का केस भी दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की छानबीन जारी है।
करीब 60 हजार का लगाया चूना
बताया गया है कि पहाड़गंज वार्ड से बीजेपी के मनीष चड्डा निगम पार्षद हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने कहा है कि कुछ दिन पहले उनके ऑफिस में एक आदमी आया था। उसने अपना नाम आदित्य बताया। वह मिनिस्ट्री में कार्यरत है। उसके निवेदन पर 12 फरवरी को पहाड़गंज के टूटी चौक पर कैंप लगवाया गया। आदित्य के साथ तीन और लोग वहां आए थे। उन्होंने गरीब लोगों को सिलाई मशीन और एलपीजी सिलिंडर देने के लिए रजिस्ट्रेशन करने शुरू किए। आरोप है कि कैंप के बाद वे लोग रजिस्ट्रेशन फीस और फॉर्म अपने साथ ले गए, उसके बदले में कोई रसीद भी नहीं दी गई थी। साथ ही आदित्य ने कहा था कि एक दो दिन में अपडेट कर देंगे। मगर सात दिनों तक आरोपियों का कोई जवाब नहीं आया। संपर्क करने पर भी उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।इसके बाद चड्डा ने पुलिस में शिकायत दी।
फिलहाल मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी लोगों से करीब 60 हजार रुपये जमा करके ले गए हैं। पुलिस अधिकारी का कहना है कि छानबीन जारी है, जो भी अपडेट होगा, वह बताया जाएगा। इस मामले में ज्यादा जानकारी लेने के लिए निगम पार्षद मनीष चड्डा से फोन पर बात की। पहले वो बोले ऐसा कुछ नहीं है। जब उन्हें कहा कि पुलिस ने मामले में केस भी दर्ज कर लिया है तो उन्होंने उन्होंने कहा कि किसी लड़के ने शिकायत तो की है, मैं पता कर के बताता हूं। मगर उन्होंने खबर लिखे जाने तक कुछ नहीं बताया। कई बार कॉल करने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
ऑनलाइन होता है रजिस्ट्रेशन, नहीं लगती फीस
बताया गया है कि पीएम उज्ज्वला योजना के लिए रजिस्ट्रेशन करने के लिए कोई फीस नहीं होती है। लोग ऑनलाइन भी इसका रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके लिए योजना की ऑफिशियल वेबसाइट www.pmuy.gov.in पर जाना होगा। वहां योजना के लिए आवश्यक दस्तावेज देने होंगे। जिसमें आवेदक का आधारकार्ड, वोटर आईडी कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, बीपीएल राशन कार्ड, मोबाइल नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो देनी होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button