सीआईडी ने संपत्ति विवाद मामले में कलकत्ता उच्च न्यायालय की न्यायाधीश के पति को समन जारी किया

कलकत्ता/एजेंसी। पश्चिम बंगाल अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने कलकत्ता उच्च न्यायालय की न्यायाधीश अमृता सिन्हा के पति को संपत्ति विवाद के एक मामले से जुड़ी याचिका के संबंध में समन जारी किया है।
आरोप है कि सिन्हा के पति ने इस मामले में अपने रसूख का इस्तेमाल किया था। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। प्रताप चंद्र डे को शुक्रवार को यहां भवानी भवन में सीआईडी मुख्यालय में जांच अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
सीआईडी अधिकारी ने मीडिया को बताया, हमने उनसे (प्रताप चंद्र डे) सोमवार को अपना मोबाइल फोन हमारे अधिकारियों के पास जमा करने को भी कहा है। उन्हें 22 दिसंबर को पेश होने का निर्देश दिया गया है।
उच्चतम न्यायालय में हाल में दायर एक याचिका में आरोप लगाया गया था कि पेशे से वकील डे संपत्ति से संबंधित एक मामले में दबाव डाल रहे हैं और अपने रसूख का इस्तेमाल कर रहे हैं।
सीआईडी अधिकारी ने बताया कि मामले के संबंध में सितंबर में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दो प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच एजेंसी पहले ही डे से दो बार एक दिसंबर और 16 दिसंबर को पूछताछ कर चुकी है।




