यूपी पुलिस की इंस्पेक्टर नरगिस खान के पास करोड़ों की बेहिसाब संपत्ति! मेरठ में भ्रष्टाचार का केस दर्ज
UP Police Inspector Nargis Khan has unaccounted assets worth crores! Corruption case registered in Meerut

मेरठ/उत्तर प्रदेश। यूपी पुलिस में तैनात महिला इंस्पेक्टर नरगिस खान एक बार फिर विवादों में हैं। मेरठ के मेडिकल थाने में उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले 14 वर्षों में उन्होंने और उनके पति ने करीब 10.5 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की, जो उनकी आधिकारिक आय से कहीं अधिक है।
नरगिस खान फिलहाल बरेली में तैनात हैं, जबकि उनकी स्थायी निवास मेरठ के शास्त्रीनगर ए ब्लॉक में है। जांच में कई ऐसे बैंक लेन-देन और संपत्ति खरीद-फरोख्त के सबूत मिले हैं, जो उनके घोषित आय स्रोतों से मेल नहीं खाते। इन लेनदेन की जांच के बाद मेरठ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और अब मामला एंटी करप्शन यूनिट या सतर्कता विभाग को सौंपे जाने की तैयारी चल रही है।
गौरतलब है कि नरगिस खान और उनके पति सुरेश उर्फ शेखर पहले भी 2021 में लखनऊ से गिरफ्तार हो चुके हैं। उस वक्त दोनों पर डिप्टी लेबर कमिश्नर कार्यालय से करोड़ों रुपये के गबन का आरोप था। इससे पहले, मेरठ में एक नाबालिग बच्ची को गलत तरीके से सुपुर्द किए जाने के मामले में भी नरगिस खान को सस्पेंड किया गया था।
सूत्रों की मानें तो सपा सरकार के कार्यकाल में नरगिस खान लगातार प्रमुख थानों का चार्ज संभालती रही थीं। यही वजह है कि उनकी तैनाती और कार्यशैली पहले भी सवालों के घेरे में रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो आगे चलकर निलंबन, विभागीय जांच और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।




