कानपुर में बुजुर्ग ने आनंद महिंद्रा पर किया केस,कार ऐक्सिडेंट में एयरबैग न खुलने पर गई बेटे की जान

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर में रहने वाले बुजुर्ग ने जरीब चौकी स्थित महिंद्रा के शोरूम से बेटे के लिए स्कॉर्पियो खरीदी थी। कुछ दिन बाद ही घने कोहरे की चपेट में आकर कार डिवाइडर से टकरा गई। बुजुर्ग का आरोप है कि दुघर्टना के दौरान कार के एयरबैग नहीं खुले, जिस कारण उनके बेटे की मौत हो गई। बुजुर्ग ने महिंद्रा कंपनी के मालिक आनंद महिंद्रा समेत 13 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जूही कालोनी निवासी राजेश मिश्रा (60) ने बताया कि उन्होंने साल 2020 में जरीब चौकी स्थित श्री तिरूपति आटो एजेंसी से 17 लाख रुपये की स्कार्पियो कार खरीदी थी। 14 जनवरी 2022 को उनका बेटा अपूर्व मिश्रा अपने दोस्तों के साथ लखनऊ से कानपुर आ रहा था। घने कोहरे के कारण उसकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा कर पलट गई, जिसमें अपूर्व की मौके पर मौत हो गई। राजेश ने बताया कि घटना के बाद वह एजेंसी गए और बताया कि सीट बेल्ट लगाने के बावजूद कार के एयरबैग नहीं खुले। जिस कारण उनके बेटे की मौत हो गई। जिस पर उनकी एजेंसी के मैनेजर ने राजेश की बात कंपनी के निदेशकों से कराई।
राजेश ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान एजेंसी के मैनजर व स्टाफ ने उनसे अभद्रता की। राजेश ने आरोप लगाया कि उन्होंने कार की टेक्निकल जांच कराई, जिसमें उन्हें कार में एयरबैग न होने की जानकारी मिली। राजेश ने मामले की शिकायत रायपुरवा थाने में की, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई। जिसके बाद राजेश ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश के बाद रायपुरवा थाने में एजेंसी के मैनेजर, चंद्र प्रकाश गुरनानी, विक्रम सिंह मेहता, राजेश गणेश जेजुरिकर, अनीस दिलीप शाह, थोथला नारायनासामी, हैग्रेव खेतान, मुथैया मुरगप्पन मुथैया व आनंद गोपाल महिंद्रा समेत 13 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button