गुरुग्राम में कंझावना जैसा कांड: तेज रफ्तार कार ने चार किलोमीटर तक घसीटी बाइक

गुरुग्राम। दिल्ली में बीते दिनों हुआ दिल दहलाने वाला कंझावला कांड गुरुग्राम में भी नजर आया। एक कार करीब चार किलोमीटर तक एक बाइक को घसीटती हुई दौड़ती रही। गनीमत रही तो यह कि जब बाइक गाड़ी के नीचे फंसी तो बाइक सवार दोनों युवक दूर जा गिरे। इस कारण उनकी जान बच गई। काफी दूर जाने के बाद बाइक जब एक गड्ढे में फंस गई तो गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव रिठौज के रहने वाले रोहित व ऋतिक बाइक पर सवार होकर बुधवार देर शाम को अपनी कंपनी से गांव रिठौज जा रहे थे। जब वे सेक्टर-62 से गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर पहुंचे तो एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक से दूर जा गिरे। इससे उन्हें मामूली चोट आईं, जबकि बाइक गाड़ी के आगे बंपर में फंस गई।




