वजीराबाद के पास फ्लाई ओवर बनाने के लिए खोदे गड्ढे में डूबने से ऑटो ड्राइवर की दर्दनाक मौत

नई दिल्ली। वजीराबाद रोड पर फ्लाईओवर बनाने के लिए एक गड्ढा खोदा गया था, जिसमें बारिश होने पर पानी भर गया था। आरोप है कि शुक्रवार को पानी से भरे इसी गड्ढे में गिरने से एक शख्स की मौत हो गई। हालांकि शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। डीसीपी जॉय टिर्की ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे एक पीसीआर कॉल मिली थी। इसमें पता चला कि एक शख्स हर्ष विहार में वजीराबाद रोड के साथ बने सर्विस रोड पर बने पानी से भरे गड्ढे में डूब गया है। यहां पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास गढ्ढा खोदा गया था। उसमें बारिश का पानी भर गया था। जान गंवाने वाले शख्स ऑटो चलाते थे और उनकी पहचान नंद नगरी के अजीत शर्मा (51) के तौर पर हुई है।
पुलिस के मुताबिक अभी तक जांच में पता चला है कि उनका ऑटो गढ्ढे में फंस गया होगा और दुर्घटना के कारण वह पानी में गिर डूब गए होंगे। जांच में पता चला कि ऑटो ड्राइवर अजीत शर्मा शुक्रवार को वह आईटीआई के सामने चार खंभा के पास ऑटो लेकर कहीं जा रहे थे। तभी उनके ऑटो का बैलेंस बिगड़ गया और वह ऑटो से नीचे पानी में गिर गए। पानी में गिरने के बाद वह संभल नहीं पाए और उनकी मौत हो गई। गड्ढे को लेकर संबंधित विभाग की भी लापरवाही सामने आ रही है। माना जा रहा है कि अगर गड्ढे को चारों तरफ से घेरा गया होता तो यह हादसा नहीं होता। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button