केवल 3 हजार रुपये के लिए दोस्त की ताबड़तोड़ चाकू मार कर दी हत्या, दिनदहाड़े हुई वारदात से दहला बुलंदशहर

बुलंदशहर/उत्तर प्रदेश। यूपी के बुलंदशहर में महज 3 हजार रुपये के विवाद में दोस्त ने अपने ही दोस्त को सरे आम चाकू से गोद डाला। दोस्त की हत्या कर हत्यारोपी चाकू लहराता हुआ फरार हो गया। पुलिस ने मृतक युवक का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है। खुर्जा के तरीनान मोहल्ला निवासी समीर सोमवार दोपहर बाद अपने घर जा रहा था। बताया है कि समीर का उसके ही दोस्त से महज 3 हजार के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि समीर को उसके ही दोस्त ने सरेआम बीच सड़क पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर डाले।
हमलावर दोस्त ने समीर की गर्दन, पेट में चाकू से कई वार किए और चाकू लहराता हुआ फरार हो गया। समीर लहूलुहान अवस्था में सड़क पर तड़पता रहा। समीर को सड़क पर तड़पता देख स्थानीय लोगों ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। मोहल्लेवासियों और पुलिस ने समीर को घायल अवस्था में खुर्जा के अस्पताल में इलाज के लिए भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने समीर को मृत घोषित कर दिया। समीर की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
समीर के भाई अमन ने पुलिस को बताया कि समीर का उसके दोस्त से दो दिन पहले भी 3 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसका दोनों के बीच फैसला भी हो गया था। मामले को लेकर खुर्जा कोतवाली नगर में भी तहरीर दी थी। मगर खुर्जा कोतवाली नगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया था। खुर्जा के सीओ वरुण सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। खुर्जा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button