गुरु पूर्णिमा पर योगी ने गोरखनाथ मंदिर में किया विशिष्ट गुरु पूजन
On Guru Purnima, Yogi did special Guru Puja in Gorakhnath temple

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुवार को तड़के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरक्षनाथ का नाथपंथ की परंपरा के अनुसार विशिष्ट पूजन किया।
इस अवसर पर उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ, दादागुरु महंत दिग्विजयनाथ, योगिराज बाबा गंभीरनाथ सहित नाथपंथ के सभी गुरुजनों का भी विधि विधान से पूजन-अर्चन कर श्रद्धा निवेदित की। लोक कल्याण के पथ पर मार्गदर्शन के लिए उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।
गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूर्णिमा का विशेष अनुष्ठान सुबह पांच बजे से ही प्रारंभ हो गया। सामूहिक आरती के साथ अनुष्ठान की पूर्णता हुई। पूजा संपन्न होने के बाद योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
वैसे तो गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ जब भी गोरखनाथ मंदिर में होते हैं, गुरु गोरखनाथ जी तथा नाथपंथ के गुरुजन का दर्शन-पूजन उनकी दिनचर्या का हिस्सा होता है। लेकिन गुरु पूर्णिमा का अवसर गोरखनाथ मंदिर में विशिष्ट पूजन का होता है।
गुरुवार को गोरक्षपीठाधीश्वर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महायोगी गुरु गोरखनाथ सहित मंदिर परिसर में मौजूद नाथपंथ के सभी गुरुओं की प्रतिमाओं के समक्ष जाकर विधि-विधान से पूजन किया। इस अवसर पर वह परिसर में मौजूद सभी देव-विग्रहों तक भी गए और उनकी भी पूजा-अर्चना।
नाथपंथ की विशिष्ट परंपरा के अनुसार योगी ने रोट का महाप्रसाद भी गुरु गोरक्षनाथ के चरणों में अर्पित किया । पूजा-अर्चना की आनुष्ठानिक प्रक्रिया संपन्न होने के बाद गुरु पूर्णिमा पर होने वाली परंपरागत महाआरती हुई तथा सभी गुरुओं के प्रति आस्था निवेदित की गई।




