दृष्टिबाधित एसडीएम व उनकी टीम को पीटने वाले हेड कांस्टेबल की फैक्ट्री सील, बिजली व पानी का कनेक्शन भी काटा

उत्तर पूर्वी दिल्ली। करावल नगर एसडीएम संजय सोंधी ने अपनी टीम के साथ अमर विहार कालोनी में रविवार को दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की जींस रंगाई की अवैध फैक्ट्री सील कर दी। इससे एक दिन पहले पुलिसकर्मी व फैक्ट्री मालिक कुलदीप सिंह ने वर्दी का रौब दिखाकर दृष्टिबाधित एसडीएम व उनकी टीम को बंधक बनाकर पीटा था।
फैक्ट्री में लगे बिजली व पानी के कनेक्शन को बाहर से कटवा दिया। इस दौरान पुलिसकर्मी व उसके परिवार ने किसी तरह का विरोध नहीं किया। एसडीएम ने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में जींस रंगाई की फैक्ट्री चलाना गैरकानूनी है, साथ ही लोगों के स्वास्थ्य के साथ ही पर्यावरण के लिए भी हानिकारक है। चाहे आम व्यक्ति हो या फिर कोई सरकारी कर्मचारी, किसी को भी रंगाई की फैक्ट्री नहीं चलाने दी जाएगी।
लोगों की जान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि पुलिसकर्मी कुलदीप सौ गज के मकान में रहता है और भू-तल पर पिछले कई महीने से रंगाई की फैक्ट्री चला रहा था। करावल नगर थाना पुलिस ने शनिवार रात एसडीएम की शिकायत पर बंधक बनाकर मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में हेड कांस्टेबल के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत की थी।




