छतरपुर में 6 महीने पहले मृतक अधिकारी का जारी कर दिया ट्रांसफर ऑर्डर
Transfer order issued for the deceased officer 6 months ago in Chhatarpur

छतरपुर/मध्य प्रदेश। छतरपुर जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां नगरीय प्रशासन विभाग ने एक ऐसे अधिकारी का ट्रांसफर कर दिया जो 6 महीने पहले ही दुनिया से जा चुका था। यह मामला तब सामने आया जब विभाग द्वारा जारी एक ट्रांसफर सूची सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
दरअसल, हरपलापुर नगर परिषद में राजस्व निरीक्षक रहे सुनील तिवारी का 7 मई, 2024 को निधन हो गया था। इसके बावजूद, नगरीय एवं आवास विभाग ने एक ट्रांसफर आदेश जारी कर उन्हें हरपलापुर से टीकमगढ़ जिले के लिधौराखास नगर परिषद में स्थानांतरित कर दिया। यह आदेश विभाग के उप सचिव प्रमोद कुमार शुक्ला द्वारा जारी किया गया था।
जब यह ट्रांसफर सूची सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो लोगों ने विभाग की इस लापरवाही पर जमकर सवाल उठाए। लोगों ने विभाग को जमकर ट्रोल किया। जब मामला तूल पकड़ा तो विभाग ने एक नया आदेश जारी कर मृतक अधिकारी का ट्रांसफर रद्द कर दिया। हालांकि, इस बीच हुई इस भूल के कारण विभाग की काफी किरकिरी हुई है।
विभाग का कहना है कि यह एक गलती थी और इसे सुधारा जा चुका है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी गलती कैसे हो सकती है? विभाग की इस लापरवाही से लोगों में प्रशासन के प्रति अविश्वास बढ़ा है। इस ट्रांसफर आर्डर पर लोग सोशल मीडिया पर तरह- तरह के कमेंट कर रहे हैं। वहीं मध्य प्रदेश नगरीय प्रशासन विभाग की इस गलती पर ट्रोलिंग भी शुरु हो गई है।




