गाजियाबाद के होटल रॉयल पार्क में कसीनो बनाकर खेला जा रहा था जुआ

गाजियाबाद ब्यूरो। साहिबाबाद में इंदिरापुरम के होटल रॉयल पार्क में गोवा जैसा माहौल बनाकर खिलवा रहे कैसिनो का मंगलवार को भंडाफोड़ हुआ। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने कैसिनो में हार जीत की बाजी लगाकर कैसिनो कॉइन व ताश से जुआ खेल रहे गाजियाबाद, मेरठ, हरियाणा के 25 लोगों को गिरफ्तार किया।आरोपियों के पास से एक लाख रुपये की नकदी, दो हजार कॉइन, छह ताश की गड्डी, सिगरेट, लाइटर, तंबाकू, बरामद किया। होटल संचालक शेखर यादव, जुआ संचालक विकास खरबंदा, नवीन राणा व अशोक वर्मा फरार हैं।
डीसीपी ट्रांस हिंडन डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि इंदिरापुरम थाना पुलिस को नीतिखंड स्थित होटल रॉयल पार्क में अवैध कैसिनो चलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने होटल में जाकर छापा मारा तो मौके पर 20 से ज्यादा लोग जुआ खेलते मिले। होटल के अंदर लोग मै जीत गया, मैं जीत गया जैसी आवाजे आ रही थीं।पुलिस ने घेराबंदी कर सभी लोगों को पकड़ लिया। कैसिनो टेबल पर चार-चार लोग जुआ खेल रहे थे। तीन लोग पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गए जबकि पुलिस टीम ने 25 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने बताया कि होटल में बर्थडे पार्टी के नाम पर कैसिनो में जुआ खेलने के लिए विकास खरबंदा ने बुलाया था। हम सभी लोग कॉइन के माध्यम से जुआ खेलते हैं। कॉइन के निर्धारित मूल्य के आधार पर जुआ होता है। लोग हार जीत के बाद अपना हिसाब कर लेते हैं। इंदिरापुरम थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर ने सार्वजनिक जुआ अधिनियम 1867 की धारा तीन व चार में 28 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।




