दिल्ली के गाजीपुर में बैग में महिला का जला शव मिलने के मामले में बड़ा खुलासा
दोस्त के साथ मिलकर लाश को सूट केस में जलाया, दिल्ली में दर्दनाक हत्याकांड

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में हुई महिला की सनसनीखेज हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक शिल्पा के कजिन (लिव इन पार्टनर भी) अमित और अमित के दोस्त अनुज को गिरफ्तार कर लिया है। अनुज ने लाश ठिकाने लगाने में उसकी मदद की थी। पूछताछ में आरोपी अमित ने खुलासा किया है कि वह शिल्पा उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इस कारण उसने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।
पूर्वी दिल्ली डीसीपी अभिषेक धानिया के मुताबिक, के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 4:10 बजे पुलिस को सूचना मिली थी यूपी के खोड़ा और गाजीपुर (बॉर्डर) के पास एक संदिग्ध बैग में जली लाश पड़ी है। कॉल मिलते ही गाजीपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस को जांच में बैग के अंदर एक महिला का शव मिला। जिसके बाद क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को साक्ष्य एकत्र करने के लिए मौके पर बुलाया गया। महिला की पहचान शिल्पा के रूप में हुई। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की खंगाली तो एक संदिग्ध कार की पहचान हुई। जिससे पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
पुलिस के मुताबिक, अमित ने जब शिल्पा की हत्या कर दी तो कॉल करके यह बात अपने दोस्त अनुज को बताई। इसके बाद दोनों ने लाश को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। गणतंत्र दिवस की तैयारी के चलते बॉर्डर पर पुलिस का कड़ा पहरा था। जिसके चलते आरोपियों ने दो बार बॉर्डर पर जाकर रैकी की। दोनों बार पुलिस ने उनकी गाड़ी की तलाशी ली। जिससे उन्हें यह समझ आ गया कि वह बॉर्डर क्रॉस नहीं कर पाएंगे। इसके बाद सूट केस में बंद लाश पर पराली डालकर आग लगा दी और वहां से फरार हो गए। शिल्पा अमित की कजिन थी। अमित का दावा है कि वह परिवार को छोड़कर उस पर हमेशा के लिए साथ रहने का दबाव बना ही थी। ऐसा ना करने पर वह उसे और उसके परिवार फंसाने की धमकी दे रही थी।




