आतंकी हमले से पर्यटन उद्योग को बड़ा झटका, पर्यटकों के कश्मीर जाने पर लगा ब्रेक
The terrorist attack has dealt a big blow to the tourism industry, tourists are put on hold for visiting Kashmir

- बुकिंग रद्द होने से पर्यटन उद्योग प्रभावित
- विदेशी पर्यटकों में सुरक्षा की चिंता
- सुरक्षित स्थानों की ओर पर्यटकों का रुख
नई दिल्ली/एजेंसी। कश्मीर में हुए आतंकी हमले से पर्यटन उद्योग सकते में है। एक-दो दिन या इस सप्ताह जम्मू-कश्मीर जाने की योजना बना रहे घरेलू व विदेशी पर्यटकों ने अपनी योजना स्थगित कर दी है और अपनी बुकिंग रद करा दी है। जबकि अगले सप्ताह की बुकिंग रद कराने के मामले भी बढ़ रहे हैं। अब कोई भी जम्मू-कश्मीर जाने को तैयार नहीं है। पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों के अनुसार, भय व अनिश्चितता के इस माहौल में फिलहाल कोई भी नया समूह कश्मीर जाने को तैयार नहीं है। इस सप्ताह की बुकिंग रद कराने के मामले जहां 90 फीसद तक हैं, वहीं अगले सप्ताह या उसके बाद की बुकिंग रद कराने के मामले 30 फीसद तक हैं, जिसके आने वाले दिनों में बढ़ने की आशंका है।
इतना ही नहीं, इस आतंकी हमले का असर अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों पर भी पड़ा है। देश में घूमने आए विदेशी पर्यटक इस आतंकी घटना के कारण भारत में सुरक्षा स्थिति को लेकर आशंकित हैं और टूर ऑपरेटरों से इस बारे में पूछताछ कर रहे हैं।
इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ) के अध्यक्ष राजीव मेहरा के अनुसार, हाल के वर्षों में जम्मू-कश्मीर पर्यटकों के लिए पसंदीदा पर्यटन स्थल के रूप में उभरा था। अब पर्यटकों को निशाना बनाए जाने वाली इस आतंकी घटना ने पर्यटन उद्योग को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल इस सप्ताह की बुकिंग पर काफी असर पड़ा है। अगले कुछ दिनों में कश्मीर जाने वाले अधिकतर पर्यटकों ने अपनी बुकिंग रद्द कर दी है। इसके साथ ही नई बुकिंग के लिए कोई पूछताछ भी नहीं हो रही है। जानकारों के अनुसार कश्मीर में असुरक्षा के माहौल के कारण पर्यटक अब हिमाचल, उत्तराखंड और सिक्किम जैसे अन्य सुरक्षित और लोकप्रिय पर्यटन स्थलों का रुख करने का मन बना रहे हैं। आईसीसी एविएशन एंड टूरिज्म कमेटी के चेयरमैन और एसटीआईसी ट्रैवल ग्रुप के चेयरमैन सुभाष गोयल के अनुसार आतंकी हमले का देश के पर्यटन उद्योग पर गहरा असर पड़ा है।
खासकर इटली, फ्रांस, अमेरिका, बैंकॉक और थाईलैंड जैसे देशों से भारत आने की योजना बना रहे विदेशी पर्यटक सुरक्षा को लेकर ज्यादा चिंतित हैं। क्योंकि, भारत में आतंकी हमलों की खबरें आती रहती हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर जाने के मामले पर भी पूरी तरह ब्रेक लग गया है। कनॉट प्लेस स्थित एक ट्रैवल एजेंसी के संचालक गौरव राठी ने बताया कि करीब 25 लोगों ने जम्मू-कश्मीर के लिए अपनी बुकिंग रद करने को कहा है। इसके साथ ही अब वे फ्लाइट, होटल, कैब समेत अन्य बुकिंग का रिफंड मांग रहे हैं।
आतंकी हमले की खबर लगते ही उनके जैसे ट्रैवल एजेंसी संचालकों के पास जम्मू-कश्मीर के लिए बुकिंग रद करने के लिए फोन आने लगे हैं। लोग रिफंड की भी मांग कर रहे हैं, लेकिन चूंकि फ्लाइट और होटल बुकिंग का पैसा रिफंडेबल नहीं है, इसलिए इससे टूर एजेंसियों के लिए काफी समस्याएं पैदा हो रही हैं।




