चाइनीज डिवाइस से कुछ मिनटों में उड़ाते थे लग्जरी कारें, थाने में हुआ गाड़ी चोरी का डेमो

अजमेर,(राजस्थान)। अजमेर में करोड़ों रुपये की लग्जरी गाड़ियां मिनटों में चुरा ले जाने वाले अंतरराज्यीय चोर गैंग का खुलासा पुलिस ने गुरुवार को किया है। आदर्श नगर थाना पुलिस ने चोरों के चोरी करने के तरीके लाइव डेमो भी दिखाया, इसमें चोरों ने कुछ सेकंड में लग्जरी कार का कांच तोड़कर चाइनीज डिवाइस लगाई और कार को स्टार्ट कर दिया। यह देख सभी हैरान हो गए। पुलिस ने इस गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 लग्जरी गाड़ियां हाइटेक चाइनीस सॉफ्टवेयर डिवाइस बरामद किए हैं। पूछताछ में चारों ने 100 से ज्यादा चोरी की वारदातें करना कबूली है। मामले का पूरा खुलासा अजमेर के रेंज आईजी रूपेंद्र सिंह ने किया।
अजमेर रेंज आईजी रूपेन्द्र सिंह ने बताया कि अजमेर जिले में आदर्श नगर, अलवर गेट, केकड़ी, ब्यावर,बिजयनगर, किशनगढ़ सहित अन्य जिलों में लग्जरी वाहनों की चोरी की वारदातें हो रही थीं। खुलासे के लिए एक टीम का गठन किया गया। वारदात के आधार पर अपराधियों का डेटाबेस तैयार किया गया। सभी से पूछताछ की गई। टीम की ओर से अलग-अलग जगह हुई वारदातों के घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी की जांच की गई। वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहनों का रूट पता किया गया। जगह-जगह मुखबिर लगाए गए। जिला स्पेशल टीम के सदस्यों को घटना के संबंध में राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से आरोपियों के बारे में जानकारी मिली।
रूपेन्द्र सिंह ने बताया कि स्पेशल टीम ने लग्जरी गाड़ियों की चोरियां करने वाले सवाई माधोपुर निवासी, कुंजीलाल गुर्जर, जिला दौसा निवासी विनोद कुमार मीणा सहित जोधपुर निवासी वीमल कुमार गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने लगभग 100 गाड़ियों की चोरी की वारदातें कबूली। ये लोग गाड़ी चोरी के लिए चाइनीज डिवाइस का इस्तेमाल करते थे। पुलिस पूछताछ के बाद तस्करों के सरगना जिला जोधपुर, निवासी रामनिवास विश्नोई को भी गिरफ्तार किया। अजमेर रेंज आईजी रूपेन्द्र सिंह ने बताया कि चोरों की पहली पसंद क्रेटा कार थी। चोरी से पहले ये लोग दो तीन दिन कार की रेकी करते। सब ठीक रहने पर कार की चोरी कर लेते। चोरी की कार को तस्करों को बेच देते थे। इनके पास से 11 क्रेटा गाड़ियां बरामद हुई हैं। इनकी कीमत करीब दो से ढाई करोड़ रुपये है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button