गाजियाबाद में चालान काट रहे दारोगा पर भारी पड़ा पब्लिक का गुस्सा, लोगों ने पूछा आपका हेलमेट?

गाजियाबाद। अक्सर आपने कानून ताक पर रखकर वाहन चलाने वाले लोगों का चालान काटते हुए पुलिस को देखा होगा। वहीं दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर और देखकर आप खुद हैरान रह जाएंगे। दरअसल यूपी पुलिस के दारोगा जी लोनी क्षेत्र में महिला एसआई के साथ मिलकर चालान काट रहे थे। कुछ ऐसे लोगों के चालान काटे, जिन्होंने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। चालान काटने के बाद उनमें से कुछ युवकों ने उलटा दारोगा जी की ही क्लास ले डाली। युवकों ने कहा कि आप पर दोनों में से किसी के पास भी हेलमेट नहीं है, तो क्या नियम कानून आपके लिए नहीं है।
यह पूरा मामला लोनी क्षेत्र का है। जहां पर एक दारोगा महिला एसाई के साथ चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग करने के बाद ही दारोगा जी महिला एसआई को अपनी बाइक पर बैठकर चलने लगे, तो बगैर हेलमेट के जिन लोगों का चालान किया गया, वह लोग दरोगा जी पर ही बरस गए। दारोगा से कहा कि नियम कानून सभी के लिए बराबर होते हैं तो फिर वह नियम कानून आपके लिए क्यों नहीं?
जिस वक्त दरोगा जी अपनी बाइक पर सवार होकर निकलने लगे तो इसी दौरान लोग उनकी बाइक के सामने खड़े हो गए और वीडियो बनाते हुए दारोगा जी से पूछा कि आखिर आपके पास हेलमेट क्यों नहीं है? दारोगा ने रौब दिखाकर लोगों को हटाने की कोशिश की, लेकिन वो वीडियो बनाते रहे। दारोगा ने कहा, जिसको जो करना है कर लो। फिर दारोगा ने बताया कि वह थाना लोनी बॉर्डर कमिश्नरेट गाजियाबाद में तैनात है। इसके बाद वहां से चला गया। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रही है।




