फतेहपुर में ट्रक से कुचलकर स्कूटी सवार अध्यापिका की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के फतेहपुर जिले में स्कूटी सवार प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका को सोमवार सुबह मौरंग लदे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद ओवरलोड मौरंग लदा ट्रक चालक लेकर भाग निकला। शिक्षिका की मौत से परिजनरों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। राधानगर थाना क्षेत्र के हरगनपुर निवासी एलआईसी एजेंट रमेश चंद्र मौर्या की पुत्री स्वाति मौर्या (28) भिटौरा ब्लाॅक के जमरावां के पूरेसूदा का पुरवा प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थीं।
वह स्कूटी से विद्यालय जा रही थीं। हुसैनगंज थाने के डलमऊ रोड पर 12 मील के पास पहुंचीं थीं कि डलमऊ की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिक्षिका रोड पर गिरीं और ट्रक का पहिया शिक्षिका के सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी हादसे में ही मौत हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पिता ने बताया कि चार साल पहले स्वाति की सहायक अध्यापक पद पर नौकरी लगी थी।
करीब सात माह पहले 12 सितंबर को अंतर्जनपदीय स्थानांतरण में बांदा से जिले में तैनाती पाई थी। दो बहनों में स्वाति बड़ी थी। भाई धीरज मौर्या, बहन, मां बिटान का हाल बेहाल रहा। प्रभारी निरीक्षक राम केवल पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक की तलाश की जा रही है। शिक्षिका की मार्ग दुर्घटना में मौत की खबर से सहकर्मियों में शोक रहा। प्राथमिक शिक्षक संघ भिटौरा के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौहान, उपाध्यक्ष जगदीश यादव, पूरेसूदा का पुरवा की प्रभारी प्रधानाध्यापक कमलेश यादव सहित कई अध्यापक घटनास्थल पहुंचे। परिवार को शोक संवेदना व्यक्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button