साहिबाबाद में बगल में चल रही कार पर ओवरलोडेड ट्रक पलटा, चालक की मौत, एक अन्य गंभीर

गाजियाबाद। दिल्ली एनसीआर का गाजियाबाद अहम हिस्सा है, इसलिए यहां पर भीड़भाड़ भी काफी रहती है। बुधवार देररात गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद इलाके में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक चावल से भरा ओवरलोडेड ट्रक अनियंत्रित होकर बराबर से निकल रही कार पर पलट गया। इस दौरान कार में सवार चालक और एक अन्य शख्स गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में स्थानीय पुलिस और लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। उधर, हादसे के बाद से ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ट्रक के कागजों के आधार पर चालक की तलाश में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना साहिबाबाद क्षेत्र की करन गेट चौकी के पास देर रात शांति चौक पर एक चावल से भरा ट्रक कार पर पलट गया, जिससे कार चालक व एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में आसपास के लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को ही अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि जिस जगह यह सड़क हादसा हुआ, उसके बहुत नजदीक कॉलोनी की ही एक गाड़ी थी, उस गाड़ी को उस वक्त ड्राइवर चला रहा था। कॉलोनी का ही एक गार्ड उसके साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। ड्राइवर की मौत हो गई और गार्ड की हालत गंभीर है। उधर, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल ट्रक चालक की भी तलाश की जा रही है। जिसकी मौत हुई है, वह बुलंदशहर का रहने वाला बताया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button