गाजियाबाद में कौशांबी थाने के पीछे बार में परोसी जा रही शराब, वीडियो वायरल

गाजियाबाद। कौशांबी थाने के पीछे एंजेल मॉल में बैंग-बैंग बार के अंदर खुलेआम शराब परोसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। एक्स अकाउंट पर युवक ने वीडियो अपलोड कर स्थानीय पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। युवक का कहना है कि अवैध हुक्का बार में बिना मंजूरी शराब परोसी जा रही है। कौशांबी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक्स अकाउंट पर बृहस्पतिवार की सुबह एक बजकर 43 मिनट पर गौरव नाम के युवक ने दो वीडियो अपलोड की, जिन्हें कौशांबी थाने के पीछे एंजल मॉल में चल रहे बैंग-बैंग बार का बताया गया है। अब युवक ने आरोप लगाया कि बार में पूरी रात युवक और युवतियों को शराब परोसी जा रही है। पहले भी कई बार शिकायत की गई लेकिन कौशांबी पुलिस की हीलाहवाली से कठोर कार्रवाई नहीं हुई। एक्स पर दोनों वीडियो 43 सेकंड और 16 सेकंड की है। डीसीपी निमिष पाटील का कहना है कि एक्स पर शिकायत का संज्ञान लेकर जांच करा रहे हैं।




