गाजियाबाद में तेज धमाके के साथ लोहा गलाने की भट्ठी फटी, दो कामगार झुलसे

प्रेमप्रकाश त्रिपाठी,(गाजियाबाद)। साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साइट – चार की एक फैक्ट्री में बृहस्पतिवार दोपहर लोहा गलाते समय इलेक्ट्रिक भट्ठी तेज धमाके के साथ फट गई। उस पर काम कर रहे दो कामगार झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर होने पर एक को सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया गया। दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई। अग्निशमनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। माना जा रहा है कि गैस बनने की वजह से भट्ठी फटी है।

साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साइट-चार में द इनड्योर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्लांट में बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे लोहा गलाते समय तेज धमाके के साथ इलेक्ट्रिक भट्ठी फट गई। उस पर काम करने वाले 23 वर्षीय रामू उदगर व लखेंद्र झुलस गए। राजकुमार को मामूली चोट आई। उसे उपचार की जरूरत नहीं पड़ी। रामू व लखेंद्र को अन्य कर्मचारियों ने उपचार के लिए मोहन नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लखेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई। करीब 50 फीसद झुलसे रामू को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। डाक्टरों ने उसे सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया।

फैक्ट्री के कर्मचारियों ने बताया कि भट्ठी में एक साथ दो टन लोहा गलाया जाता है। रामू, लखेंद्र व राजकुमार उसमें करीब दो टन लोहा गला रहे थे। इस दौरान बहुत तेज धमाका हुआ। भट्ठी फट गई। उसमें लगा लोहे का वजनदार ढक्कन काफी दूर जाकर गिरा। लोहे के अन्य टुकड़े भी काफी दूर तक गए। आग लग गई। वारदात के समय फैक्ट्री में टी ब्रेक हुआ था। भट्ठी के आसपास काम करने वाले करीब 40 और अन्य हिस्सों में कार्यरत करीब सौ कर्मचारी चाय पीने गए थे, अगर वह सभी काम पर होते तो बहुत बड़ा हादसा हो जाता। वहीं, सूचना पर अग्निशमनकर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कड़ी मशक्कत करके आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि भट्ठी फटी थी। एक कर्मचारी झुलसा है।

फैक्ट्री में काम करने वाले लोगों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं हैं। जूते, दस्ताने, हेलमेट नहीं दिये जाते हैं। इसकी वजह से हादसे होते हैं। उन्होंने कहा कि करीब तीन साल पहले फैक्ट्री में हुए हादसे में एक कर्मचारी की जान भी जा चुकी है। वहीं, फैक्ट्री के प्रबंधक अशोक गर्ग ने बताया कि सुरक्षा के सारे इंतजाम हैं। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि गैस बनने की वजह से हादसा हुआ है। तकनीकी टीम हादसे की जांच करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button