बारामती प्लेन क्रैश: बुरी तरह झुलस गए थे अजित पवार समेत पांचों लोग

महाराष्ट्र डेस्क। महाराष्ट्र की राजनीति को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार का बुधवार सुबह एक विमान हादसे में निधन हो गया। मुंबई से बारामती जा रहा उनका निजी विमान पुणे जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि विमान में आग लग गई और शव बुरी तरह झुलस गए। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, अजित पवार के शव की पहचान उनकी कलाई में पहनी घड़ी से की गई। संयोग की बात यह है कि एनसीपी का चुनाव चिन्ह भी ‘घड़ी’ ही है, जिसे लेकर सियासी गलियारों में भावुक चर्चाएं हो रही हैं।
हादसे का शिकार हुआ विमान लियरजेट-46 था, जिसे दिल्ली की वीएसआर वेंचर्स कंपनी संचालित कर रही थी। यह विमान सुबह करीब 8:10 बजे मुंबई से रवाना हुआ था और लगभग 35 मिनट बाद बारामती एयरपोर्ट पर उतरने वाला था। सुबह करीब 8:45 बजे विमान ने क्रैश लैंडिंग की। लैंडिंग के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टकराते ही विमान में आग लग गई, जिससे बचाव का कोई मौका नहीं मिल सका।
इस हादसे में अजित पवार के अलावा उनके पीएसओ, एक सहायक और दो क्रू मेंबर पायलट इन कमांड और फर्स्ट ऑफिसर की भी मौत हो गई। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। अजित पवार 66 वर्ष के थे और 5 फरवरी को होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों के प्रचार के सिलसिले में बारामती जा रहे थे। वह वहां कई सार्वजनिक बैठकों को संबोधित करने वाले थे। उनके असमय निधन से राज्य की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हादसे के क्रम को लेकर एक आधिकारिक बयान जारी किया है। मंत्रालय के अनुसार, विमान ने सुबह 8:18 बजे बारामती से पहला संपर्क किया। इसके बाद 30 नॉटिकल माइल की दूरी पर होने की सूचना दी गई और पुणे एप्रोच से उन्हें रिलीज किया गया।
पायलट को दृश्य मौसम परिस्थितियों में अपने विवेक से नीचे उतरने की सलाह दी गई थी। क्रू ने हवा और दृश्यता की जानकारी मांगी, जिस पर उन्हें बताया गया कि हवा शांत है और दृश्यता लगभग 3,000 मीटर है। विमान ने रनवे-11 पर अंतिम अप्रोच की सूचना दी, लेकिन पायलट ने बताया कि रनवे नजर नहीं आ रहा है। इसके बाद पहली कोशिश में गो-अराउंड किया गया। गो-अराउंड के बाद एटीसी ने विमान की स्थिति पूछी। क्रू ने फिर से रनवे-11 पर फाइनल अप्रोच की जानकारी दी। जब उनसे पूछा गया कि रनवे दिख रहा है या नहीं, तो उन्होंने कहा कि अभी रनवे नजर नहीं आ रहा है, लेकिन कुछ सेकंड बाद उन्होंने रनवे दिखने की पुष्टि की।
सुबह 8:43 बजे एटीसी ने विमान को रनवे-11 पर लैंड करने की अनुमति दे दी। हालांकि, क्रू की ओर से इस लैंडिंग क्लीयरेंस का “रीड बैक” नहीं दिया गया। रीड बैक एक अहम सुरक्षा प्रक्रिया होती है, जिसमें पायलट एटीसी के निर्देशों को दोहराकर पुष्टि करता है। इसके ठीक एक मिनट बाद, यानी 8:44 बजे, एटीसी को रनवे-11 के थ्रेशहोल्ड के पास आग की लपटें दिखाई दीं। इसके बाद आपातकालीन सेवाएं सक्रिय की गईं, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।




