मिर्जापुर के राज्यसभा सांसद के बहन के पौत्र ने फंदे पर लटककर दी जान
जौनपुर। राज्यसभा सांसद रामसकल के निवास पर उनके बहन के पौत्र ने बुधवार शाम पंखे पर फंदे के सहारे लटककर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। मृतक हाईस्कूल का छात्र था और बचपन से ही राज्यसभा सांसद रामसकल के निवास पर रहता था। मध्य प्रदेश सिंगरौली जिले के अगरहवा गढ़वा गांव निवासी राहुल (16) पुत्र गोविंद ऊर्फ लखपति मिर्जापुर के विसुंदरपुर स्थित राज्यसभा सांसद रामसकल के निवास पर रहता था। राहुल सांसद के बहन का पौत्र था। वह मकान के प्रथम तल पर बने हॉल में रहता था। उसके साथ परिवार के अन्य बच्चे रहकर पढ़ाई करते थे। वह माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। 21 फरवरी से उसकी प्री बोर्ड की परीक्षा शुरू हुई थी। बुधवार के वह अंग्रेजी का पेपर देकर दोपहर बाद साढ़े तीन बजे घर पहुंचा।खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया। देर शाम तक वह कमरे से बाहर नहीं आया। दरवाजा और खिड़की अंदर से बंद था। लोगों ने झरोखे से देखा तो वह पंखे पर फंदे के सहारे लटका था। आननफानन सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे का लॉक काटकर फंदे से किशोर को उतारा, तब तक उसकी मौत हो गई थी।राहुल की बड़ी बहन पूजा बीएससी की छात्रा है। छोटा भाई रोहित कक्षा आठ का छात्र है। घटना की सूचना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। राहुल की आत्महत्या का कारण साफ नहीं है। शहर कोतवाल अरविंद मिश्रा ने बताया कि किशोर ने कमरा बंद कर आत्महत्या किया है। आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है। परिजनों ने बताया कि राहुल ने फंदे पर लटकने से पहले घर के मोबाइल से अपने एक साथी को कॉल किया था। कई बार कॉल लगाया, पर बात नहीं हो सकी थी। बताया कि राहुल पढ़ाई में तेज था। पढ़ाई को लेकर कोई समस्या नहीं थी। उसके पास अपना फोन नहीं था। परिवार के सदस्यों के फोन का ही प्रयोग करता था। घटना से सभी सदमे में है। पता लगाया जा रहा है कि आखिर उसने फंदे पर लटककर जान क्यों दिया।