मऊ में शादी के चार दिन बाद पति की करा दी हत्या, प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम दी खौफनाक वारदात

मऊ/उत्तर प्रदेश। मऊ जिले में हुई एक युवक की हत्या मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि युवक का कत्ल किसी और न नहीं बल्कि उसकी पत्नी ने ही किया था। हत्यारोपी पत्नी ने शादी के चार दिन बाद ही अपने 2 प्रेमियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पत्नी पति की गुमशुदगी का नाटक करती रही। इतना ही नहीं शव मिलने पर फूट-फूट कर रोई ताकि किसी को कोई शक न हो।
मामले का खुलासा करते हुए घोसी के सीओ दिनेश दत्त मिश्रा ने बताया कि बीते रविवार को लवकुश चौहान का शव दूल्हे के कपड़े में नदी के किनारे के पास पड़ा हुआ मिला था। मृतिक लवकुश और पायल की 4 दिन पहले ही शादी हुई थी। उन्होंने आगे बताया कि लवकुश की पत्नी पायल का दिनेश यादव के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी बीच पायल के परिजनों ने उसकी मर्जी के खिलाफ उसकी शादी लवकुश से करवा दी थी। जिसके बाद पायल ने अपने प्रेमी दिनेश के साथ मिलकर फोन पर अपने पति लवकुश को मारने की साजिश रची।
इसके अगले ही दिन पायल ने अपने प्रेमी और उसके एक सहयोगी अभिषेक संग मिलकर घटना को अंजाम दिया। तीनों ने मिलकर रात को सो रहे लवकुश की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को घर से कुछ ही दूरी पर फेंक दिया। इतना ही नहीं पति की हत्या करने बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी पत्नी रोने का नाटक करती रही। लेकिन मामले की जांच में जुटी पुलिस ने पायल की खौफनाक साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी पायल और उसके प्रेमी दिनेश को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक आरोपी अभिषेक अभी भी पुलिस की गिरफ्त से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
बता दें कि मामला मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के उसरी खुर्द गांव का है। जहां के निवासी लवकुश चौहान (24) की शादी बीती 13 फरवरी को आजमगढ़ जिले के छतावारा गांव निवासी पायल के साथ हुई थी। शादी के 2 दिन बाद से लवकुश दोहरीघाट थाना क्षेत्र के में बने नए मकान में पत्नी के साथ रह रहा था। शनिवार की देर रात वह किसी के बुलाने पर घर के बाहर गया था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। वहीं, जब काफी समय तक लवकुश घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी ने इस बात की जानकारी अपनी सांस को दी। इसके कुछ समय बाद ही लवकुश की मौत की खबर मिल गई, जिसे सुनकर परिवार में मातम छा गया।




