बिहार पुलिस में शराब लदी स्कॉर्पियो को बदल डाला, थानाध्यक्ष मनीष कुमार निलंबित
Bihar police replaced the liquor laden Scorpio, SHO Manish Kumar suspended

सीतामढ़ी/बिहार। सीतामढ़ी जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। सोनबरसा थाने के थानाध्यक्ष को शराब से भरी एक स्कॉर्पियो गाड़ी बदलने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह घटना 23 जुलाई की रात की है, जब एएलटीएफ टीम ने शराब से भरी स्कॉर्पियो को पकड़ा था। घटना की शुरुआत तब हुई जब एएलटीएफ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो गाड़ी को पकड़ा। गाड़ी में भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। गाड़ी को सोनबरसा थाने को सौंप दिया गया था।
अगली सुबह जब्त की गई स्कॉर्पियो की जगह दूसरी स्कॉर्पियो खड़ी मिली। यह देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच में पता चला कि थानाध्यक्ष ने रातों-रात गाड़ी बदल दी थी। शराब से भरी स्कॉर्पियो को बदलने की घटना की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी मनोज कुमार तिवारी ने मामले की जाँच के आदेश दिए। जाँच की ज़िम्मेदारी एसडीपीओ सदर-2 आशीष आनंद को सौंपी गई। जांच में पाया गया कि जब्त की गई स्कॉर्पियो का नंबर तो वही था लेकिन गाड़ी दूसरी थी। जिस अफसर ने स्कॉर्पियो को जब्त किया था, उन्हें सुबह इसकी भनक लगी। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारी को घटना की जानकारी दी।
एसपी ने गाड़ी की हेराफेरी की जांच के आदेश दिए। तब तक मामला पूरी तरह दबा हुआ था। हालाँकि पुलिस महकमे में हेराफेरी की बात फैल चुकी थी। यहाँ तक कि कुछ मीडिया कर्मियों को भी इसकी भनक लग गई थी, लेकिन ठोस सबूतों के अभाव में मीडिया कर्मी कुछ नहीं कर पा रहे थे। एसपी की कार्रवाई के बाद सबकुछ खुलकर सामने आ गया है।
बताया गया है कि 23 जुलाई 24 की रात्रि करीब 12 बजे एएलटीएफ टीम के एसआई अरविंद कुमार दोहरे और एएसआई सिकंदर यादव ने सोनबरसा थाना क्षेत्र के चक्की गाँव के समीप से शराब लदी उक्त स्कॉर्पियो (HR13G 2505) गाड़ी जब्त कर सोनबरसा पुलिस को सौंप दिया था। इस दौरान स्कॉर्पियो चालक और तस्कर भाग निकले थे। थाना परिसर में थानाध्यक्ष मनीष कुमार/पीएसआई मुकेश कुमार की उपस्थिति में गिनती कर शराब उतारा गया था। इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी भी कराई गई थी।
बताया गया है कि स्कॉर्पियो के बदलने के दौरान नंबर प्लेट की भी हेराफेरी की गई। यह सब करने के क्रम में हेराफेरी के कई सुराग मिले हैं। यानी जब्त गाड़ी से नंबर प्लेट निकाल कर बदली गई गाड़ी में सही तरीके से सेट नहीं कर पाए। एएलटीएफ टीम शराब के साथ चमचमाती गाड़ी जब्त की थी, जबकि मौके पर सुबह में जो गाड़ी थी, वह मानो कबाड़खाने से लाया गया लगता था। बताया गया है कि जब्त स्कॉर्पियो एसएलई मॉडल की थी, जबकि बदली गई स्कॉर्पियो एम हॉक लिखा हुआ है।
सोनबरसा थानाध्यक्ष निलंबित
शराब लदी स्कॉर्पियो बदलने के मामले में एसपी मनोज कुमार तिवारी ने सोनबरसा थानाध्यक्ष मनीष कुमार को निलंबित कर दिया है। बताया गया है कि एसपी ने एसडीपीओ सदर- 2 आशीष आनंद को इस प्रकरण की जाँच का ज़िम्मा सौंपा था। आनंद ने थाना थाने में लगे सीसीटीवी की जाँच की, तो उसमें छेड़छाड़ पाया। उन्हें थानाध्यक्ष का जवाब भी खास संतोषजनक नहीं लगा। एसडीपीओ की रिपोर्ट पर एसपी ने उक्त कार्रवाई की है।




