दिल्ली के ज्योति नगर के जैन मंदिर से कलश चोरी मामले में महिला सहित दो गिरफ्तार, कलश चोरी करने वाला मुख्य आरोपी फरार

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में स्थित जैन मंदिर के शिखर से का कलश चोरी करने के मामले में पुलिस के हाथ कामयाबी लगी है। पुलिस ने चोरी का कलश खरीदने वाली महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, कलश चोरी करने वाला चोर अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि शनिवार सुबह दुर्गा पुरी चौक स्थित जैन मंदिर से ज्योति नगर पुलिस को मंदिर के शिखर पर जड़े 40 लाख के कलश के चोरी होने की सूचना दी गई थी। इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी पुलिस का रवैया बेहद ढुलमुल था, जिसके बाद मंदिर के प्रधान नीरज जैन ने मीडिया से संपर्क किया था। अखबारों ने शनिवार के अंक में ही मंदिर के शिखर से चोरी हुए कलश की खबर को प्रमुख्ता से छापा था। इसके बाद पुलिस हरकत में आई।
पहले घटना के बाद एसएचओ तक घटनास्थल का दौरा करने नहीं पहुंचे थे, लेकिन बाद में डीसीपी रैंक तक के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। मामले में केस दर्ज हुआ। साथ ही पुलिस ने छानबीन के बाद सुंदर नगरी इलाके से 42 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया। महिला कबाड़ का काम करती है। उसके कब्जे से चोरी हुए कलश के टुकड़े बरामद किए गए, जो उसने चोर से खरीदे थे। महिला से पूछताछ के बाद दानिश (24) को भी गिरफ्तार किया गया। वह भी कबाड़ का काम करता है। इसके पास से कलश के बाकी टुकड़े बरामद हुए। हालांकि कलश चोरी करने वाला अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है।




