मेयर के बंदूकबाज देवर को पुलिस ने किया अरेस्ट, सरेराह गोली चलाने के आरोप में केस दर्ज

आगरा,(उत्तर प्रदेश)। बीजेपी मेयर हेमलता दिवाकर को शपथ लिए हुए महज आठ दिन ही बीते हैं। इधर उनके देवर ने कानून की धज्जियां उड़ाना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आयी पुलिस ने रविवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
सिकंदरा के रहने वाले महेश पाल सिंह पुत्र खुशहाल सिंह के पास लाईसेंसी पिस्टल है। शनिवार को महेश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें वह अपनी लाईसेंसी पिस्टल कोल्ट 0.25 से सरेराह फायरिंग कर रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने रविवार को महेश को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पिस्टल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। स्थानीय पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट की धारा 27/30 के तहत केस दर्ज हुआ है। आरोपी थाना सिकंदरा हवालात में बंद है।
मेयर हेमलता दिवाकर का कहना है कि उन्होंने महेश को काफी समय से नहीं देखा है। अगर कोई कानून की धज्जियां उड़ाएगा तो उसे सजा मिलनी चाहिए। इससे ज्यादा उन्हें कोई खास जानकारी नहीं है। आरोपी महेश पाल हथियारों का शौकीन है। सोशल मीडिया पर उसके कई फोटो वायरल हो रहे हैं जिनमें वह विदेशी हथियारों को हाथ में लेकर खड़ा है। महेश पाल पर आरोप है कि उसने खुलेआम अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर करके दहशत फैलाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button