थाईलैंड से डिपोर्ट, दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स को गोवा लेकर गई पुलिस

नई दिल्ली/एजेंसी। गोवा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में 6 दिसंबर को लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। नाइटक्लब के मालिक लूथरा भाई-गौरव और सौरभ को गोवा पुलिस गोवा ले जा रही है। गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को थाईलैंड से डिपोर्ट कर भारत लाया गया, जहां दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर गोवा पुलिस लेकर जा रही है। कोर्ट ने उन्हें गोवा पुलिस को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर दे दिया है।
उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में आग लगने के बाद गोवा भाग गए नाइट क्लब के मालिक सौरव लूथरा और गौरव लूथरा को मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे आइजीआइ एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। द्वारिका स्थित इंदिरा गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण और पटियाला हाउस कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लेकर गोवा पुलिस दोनों भाइयों को अपने साथ लेकर चली गई। गोवा में कोर्ट में पेश कर उन्हें पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। गोवा के डीजीपी आलोक कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
बीते छह दिसंबर की रात गोवा स्थित नाइटक्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी और कई गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद जब पुलिस और अग्निशामक आग बुझाने और फंसे हुए लोगों को निकालने में व्यस्त थे, तब लूथरा भाइयों ने एक घंटे के भीतर थाईलैंड भागने के लिए टिकट बुक करा लिया। दोनों क्लब के कर्मचारियों के साथ रातोंरात कार से मुंबई भाग गए और वहां से सुबह 5.30 बजे की इंडिगो एयरलाइंस से थाईलैंड के फुकेट के लिए उड़ान भर दी।
पता चलने पर गोवा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। सात दिसंबर को लूथरा भाइयों सौरव लूथरा और गौरव लूथरा के साथ अजय गुप्ता और सुरेंद्र कुमार खोसला के खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से लुक आउट सर्कुलर नोटिस जारी किया। मुंबई इमीग्रेशन से जानकारी मिली कि लूथरा भाई कुछ घंटे पहले थाईलैंड भाग चुके हैं। इसके बाद आठ दिसंबर को उन्हें भारत लाने के लिए ब्लू कार्नर नोटिस जारी किया गया।
भारतीय सुरक्षा एजेंसी के अनुरोध पर थाईलैंड पुलिस ने 11 दिसंबर को दोनों भाइयों को हिरासत में लिया और आइबी को सूचित किया। इसके बाद उन्हें भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। लूथरा भाइयों ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी, लेकिन गोवा पुलिस के जवाब पर याचिका रद कर दी गई। इस मामले में गोवा पुलिस ने लूथरा भाइयों के अलावा अब तक छह अन्य को गिरफ्तार किया है।

थाईलैंड से डिपोर्ट, दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार... अग्निकांड के आरोपी लूथरा  ब्रदर्स को गोवा लेकर गई पुलिस - goa police arrests luthra brothers  gauravsaurabh in delhi

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button