सांप्रदायिक रंग ले रहा था मुजफ्फरनगर थप्पड़ कांड, नरेश टिकैत ने आधे घंटे में समझौता करा दिया

मुजफ्फरनगर,(उत्तर प्रदेश)। मुजफ्फरनगर के एक स्कूल में अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र को थप्पड़ मारने के मामले में दोनों पक्षों में सुलह हो गई है। मामला प्रकाश में आने के बाद से पूरे देश में हड़कंप मच गया था। इस पर सियासत भी शुरू हुई और घटना के सांप्रदायिक ऐंगल होने के भी दावे किए गए। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इससे साफ इनकार किया है कि इस मामले में कोई कम्युनल कोण है। भारतीय किसान यूनियन के नेता नरेश टिकैत शनिवार को उस गांव में पहुंच गए, जहां का ये मामला है। खाप पंचायत के चौधरी ने सभी पक्षों के साथ बैठकर आधे घंटे के अंदर मामला सुलझा दिया। किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई तो मामले में कोई कार्रवाई भी नहीं हुई।
दरअसल, मुजफ्फरनगर में एक बच्चे को पहाड़ा याद नहीं था तो क्लास टीचर तृप्या त्यागी ने कक्षा के तमाम बच्चों से उसे थप्पड़ लगवाए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कहा गया कि टीचर ने छात्र के अल्पसंख्यक समुदाय का होने के नाते उस पर थप्पड़ पड़वाए। मामला सांप्रदायिक ऐंगल ले रहा था, इससे पहले ही भारतीय किसान यूनियन के नेता नरेश टिकैत ऐक्टिव हो गए। शनिवार दोपहर 1 बजे के करीब वह मुजफ्फरनगर के खुब्बापुर गांव में पहुंच गए। उनके साथ सपा के नेता हरेंद्र चौधरी भी थे।
दोनों नेताओं ने गांव वालों को साथ लिया और एक मकान पर बैठक की। उन्होंने पीड़ित छात्र के परिजन से बात की। इसके बाद स्कूल वालों के साथ भी वार्ता की। सभी पक्षों से बात हुई तो मामला सुलझता चला गया। टिकैत ने पीड़ित छात्र की अन्य छात्रों से मुलाकात और बात कराई। दोनों के मेल-मिलाप के बाद वे गांव से वापस आ गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button