बरेली में बहन की हत्या कर शव घर में ही दफना दिया

बरेली/उत्तर प्रदेश। बरेली सुभाषनगर थाना क्षेत्र में भाई ने बहन की हत्या कर दी। शव को घर में ही दफन कर फर्श को समतल कर सीमेंट का प्लास्टर करा दिया। शक होने पर पुलिस ने पूछताछ की तो हत्या का खुलासा हो गया। पुलिस ने बुधवार को घर का फर्श तोड़कर शव को गड्ढे से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। आरोपी रामू को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी सिटी बरेली राहुल भाटी ने बताया कि बरेली सुभाषनगर थाना क्षेत्र सनैया धनसिंह निवासी रामू ने अपनी सगी बहन रानी (40) की हत्या कर दी। रानी शादीशुदा थी, उसकी शादी रुद्रपुर (उत्तराखंड) में अखिलेश से हुई थी। वो अपनी मां की मौत के बाद गमी की होली में शामिल होने के लिए 15 मार्च को मायके आई थी। रानी 21 मार्च से लापता थी और उसके भाई लखन ने इस संबंध में थाना सुभाषनगर में लापता होने की तहरीर दी थी।
पूछताछ करने पर मृतका रानी का भाई रामू शक के दायरे में आ गया। पुलिस ने सख्ती से पूछा तो वो टूट गया। रामू की निशानदेही पर उसके घर में ताजा पड़ा फर्श खोदा गया तो चार फिट नीचे रानी का शव बरामद हुआ। पुलिस ने रानी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी रामू को बहन की हत्या के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रामू ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन शराब पीती थी। वह शराब पीकर इधर-उधर टहलती थी, जिस कारण उसकी बदनामी होती थी। घटना वाले दिन उसने बहन के साथ शराब पी और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद उसने (रामू ) ने बहन की हत्या कर शव को घर में ही दफन कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button