फ़तेहपुर में स्वामी विज्ञानानंद पर चोरी, सरकारी कार्य में बाधा का मुकदमा

फतेहपुर,(उत्तर प्रदेश)। कांवरियों के लिए ओम घाट भिटौरा में लगाए गए बिजली के उपकरण चोरी करने और तोड़फोड़ कर नष्ट कर देने के मामले में पुलिस ने स्वामी विज्ञानानंद समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। खबर फैलते ही स्वामी के भक्तों में रोष व्याप्त है। भिटौरा चौकी इंचार्ज की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है।
चौकी प्रभारी जय कुमार सिंह ने एफआईआर में बताया कि सावन के सोमवार के लिए भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए हजारों कांवड़िए ओम घाट गंगाजल लेने आते हैं। कांवड़ियों का रविवार की रात से ही आना शुरू हो जाता है। किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए प्रशासन ने रविवार दोपहर ओम घाट तक रास्ते में प्रकाश व्यवस्था के लिए ट्यूब लाइट, हाईलोजन लाइट, जनरेटर की व्यवस्था कराई थी। स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इसे चोरी कर लिया। कई उपकरण क्षतिग्रस्त कर सरकारी काम में बाधा पहुंचाई।
उधर, स्वामी विज्ञानानंद ने बताया कि वह पूरे घाट की देखरेख करते हैं। एसडीएम, सीओ मौके पर आए थे। उन्हें सारे इंतजाम कराने का आश्वासन दिया था। उन्होंने अपने मनमुताबिक कार्य किया। यहां शिक्षण कार्य होता है। बच्चे भी रहते हैं। बच्चों के इनवर्टर सिस्टम से प्रकाश व्यवस्था की लाइन जोड़ दी। इससे इनवर्टर की बैटरी डिस्चार्ज हो गईं। इसी गुस्से में छिटपुट घटना बच्चों ने की है। बाकी उनका कोई लेना-देना नहीं है। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।




