कड़कड़डूमा के होटल जिंजर में लगी आग, 60 को सुरक्षित बचाया गया

नई दिल्ली। आनंद विहार के सूरजमल पार्क स्थित होटल जिंजर में सोमवार सुबह आग लग गई। दूसरी मंजिल की रसोई से शुरू हुई आग देखते ही देखते बैंक्वेट हॉल तक पहुंच गई। होटल में धुंआ भरा तो वहां अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की गाड़ियों ने बचाव कार्य शुरू किया। जान की बाजी लगाकर दमकल कर्मियों ने ऊपरी मंजिल से करीब 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की 11 गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। पुलिस रसोई में खाना बनाते समय आग लगने की आशंका जता रही है। पुलिस मामला दर्ज कर आग की सही वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
सूरजमल पार्क में तीन सितारा होटल जिंजर है। होटल में दो मंजिल बेसमेंट में हैं इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर और आठ मंजिलें और हैं। सोमवार सुबह करीब 9:13 बजे अचानक दूसरी मंजिल के रसोई में आग लग गई। देखते ही देखते आग बैंक्वेट हॉल तक पहुंच गई। हादसे के समय मेहमान और कर्मचारी मिलाकर करीब 125 लोग मौजूद थे। आग लगते ही कुछ लोग बाहर आ गए। लेकिन ऊपरी मंजिलों पर करीब 60 लोग अंदर फंस गए। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने अंदर घुसकर फंसे हुए सभी लोगों को निकालना शुरू किया। कुछ लोगों को जीने के रास्ते निकाला गया। कुछ लोगों को ब्रांटो स्काई लिफ्ट के जरिये निकाला गया।
दमकल विभाग के एडीओ दीपक हुड्डा ने बताया कि खबर मिलते ही चंद ही मिनटों में उनकी गाड़ियां पहुंच गई। बचाव का काम भी तेजी से शुरू हो गया। पहले लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इसके बाद करीब 10:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया। कूलिंग का काम दिनभर चलता रहा। दीपक हुड्डा ने बताया कि अंदर मौजूद सभी लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी। हालांकि किसी को भी अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी।




