कानपुर में स्टंटबाजों की बाइक में फंसी महिला की साड़ी, 20 मीटर तक घसीटते ले गए, इलाज के दौरान मौत

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गंगा बैराज में स्टंटबाजों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गंगा बैराज कानपुर के युवाओं का सबसे मन पसंद पिकनिक स्पॉट है। हादसों को देखते हुए बैराज पर पुलिस चौकी की स्थापना भी कराई गई थी। लेकिन पुलिस स्टंटबाजों पर नकेल नहीं कस पा रही है। बीते शनिवार को स्टंटबाजों ने महिला को टक्कर मारी, जिसमें उसकी साड़ी बाइक में फंस गई। स्टंटबाज महिला को 20 मीटर से ज्यादा दूरी तक घसीटते हुए ले गए। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने महिला को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया था। बीते रविवार को महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।
गंगा बैराज स्थित रामनिहालपुर गांव में रहने वाले शंकर निषाद पेशे से किसान हैं। शंकर निषाद की पत्नी रामरति (48) शनिवार को खेतों पर जा रहीं थीं। इस दौरान बाइक सवार दो युवक स्टंटबाजी कर रहे थे। इसी दौरान स्टंट करते समय रामरति को बाइक की टक्कर लगी और उनकी साड़ी बाइक में फंस गई। भागने की कोशिश में स्टंटबाज रामरति को लगभग 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गए। इसमें महिला गंभीररूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने शोर मचाया, तो स्टंटबाज उन्नाव की तरफ भाग निकले।
सिर, नाक और चेहरे पर गंभीर चोटें
महिला के घायल होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। इसके साथ ही महिला को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान रामरति ने दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक रामरति के सिर, नाक और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं, पुलिस स्टंटबाजों की तलाश में जुट गई है।
पिकनिक स्पॉट बना गंगा बैराज
कानपुर गंगा बैराज यूथ का मनपसंद पिकनिक स्पॉट है। इसके लिए शाम के वक्त लोग बड़ी संख्या में गंगा बैराज पर बच्चों के साथ घूमने जाते हैं। गंगा बैराज पर युवा कार और बाइकों से स्टंट करते हैं। इसकी वजह कई लोग अपनी जान गवां चुके हैं। हादसों की मुख्य वजह मैगी पॉइंट को भी माना जाता है। मैगी दुकानदारों ने अतिक्रमण कर सड़क तक दुकानें लगा रखी हैं। जिसकी वजह से भी हादसे होते हैं। सिंचाई विभाग अपनी जमीन से कई बार दुकानों को हटवा चुका है, लेकिन आरोप है कि कोहना और नवाबगंज पुलिस की शह पर दुकानें फिर सज जाती हैं।
गंगा बैराज पर हो चुके हैं कई हादसे
गंगा बैराज पर स्टंटबाजों का आतंक हैं। बीते नवंबर 2021 में स्टंटबाजों ने पहलवानपुर निवासी रज्जन देवी और उसके नाती डूग्गू की जान ले चुके हैं। बुजुर्ग महिला रज्जनदेवी अपने नाती के साथ बैलून बेच रही थीं। इसी दौरान स्टंटबाजों की टक्कर में दोनों की मौत हो गई थी। नौबस्ता निवासी सूर्यन त्रिवेदी को कार सवार स्टंटबाजों ने सड़क पार करते समय टक्कर मार दी थी। इसमें उनकी मौत हो गई थी। इसी तरह श्यामनगर निवासी इत्र कारोबारी की खड़ी कार में स्टंटबाजों ने कार से टक्कर मार दी थी। गनीमत रही कि इत्र कारोबारी की कार के एयर बैग खुल गए थे, जिसमें उनका परिवार बाल-बाल बचा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button