मुंबई में बीएमसी के स्कूलों में अब एग पुलाव, बिरयानी समेत लंच के बाद मिलेगी मिठाई भी

मुंबई/एजेंसी। बीएमसी स्कूलों में नए शिक्षा सत्र से मिड डे मील में बच्चों को मिठाई भी परोसी जाएगी। इसके लिए बीएमसी अगले तीन साल में 300 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके तहत पहली से पांचवीं और छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों को दोपहर में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। बीएमसी के स्कूलों में फिलहाल विद्यार्थियों को मिड डे मील के तहत खिचड़ी, आमटी (मूंग, मसूर, चना और वटाना से बना हुआ) और चावल दिया जाता है। विद्यार्थियों को यह भोजन 160 संस्थाओं के जरिए उपलब्ध कराया जाता है। बीएमसी के जॉइंट कमिश्नर विजय बालमवार ने बताया कि पुराने ठेकेदार का ठेका समाप्त हो गया है, इसलिए बीएमसी ने अब अगले तीन साल के लिए टेंडर जारी किया गया है। बता दें कि मिड डे मील में दिन के हिसाब से अलग-अलग मेन्यू रहता है। बालमवार ने बताया कि स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या 4 लाख को पार कर गई है, इससे मिड डे मील की मात्रा भी बढ़ गई है। नए टेंडर में सभी बातों का जिक्र किया गया है।
अक्टूबर, 2023 को चेंबूर के आणिक नगर स्कूल में मिड डे मील को खाने के बाद छात्रों को उल्टी होने लगी थी। कक्षा छह, सात और आठ के 16 छात्रों को गोवंडी के शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले की जांच हुई थी और दोषी ठेकेदार पर आर्थिक दंड भी लगाया गया था। इस घटना के बाद बीएमसी अधिकारियों की टीम मिड डे मील पर बारीकी से नजर रख रही है। बता दें कि मुंबई में बीएमसी के 1146 स्कूल हैं, इनमें 10252 शिक्षक पढ़ाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button