फोन लूटने का विरोध किया तो सीने में मारा चाकू, उत्तर पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार में सनसनीखेज वारदात

नई दिल्ली। हर्ष विहार इलाके में तीन बदमाश फोन लूटने लगे। पीड़ित जगतपाल (30) ने विरोध किया तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। जख्मी हालत में जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। डीसीपी (नॉर्थ ईस्ट) डॉ. जॉय टिर्की ने बताया कि हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया। आरोपी सूरज (20), रोहित उर्फ रायता (19) और मेजर (18) को अरेस्ट कर लिया। इनसे लूटा हुआ फोन और बटनदार चाकू रिकवर कर लिए। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जगतपाल परिवार समेत हर्ष विहार के मिलन गार्डन में रहते थे। फैमिली में पत्नी, चार और तीन साल की दो बेटियां हैं। वे गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में काम करते थे। वे मूलरूप से यूपी के पीलीभीत जिले से थे। पुलिस अफसरों ने बताया कि वे मंगलवार देर रात घर लौट रहे थे। रास्ते में करीब साढ़े 10 बजे तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और फोन छीनने लगे, जिसका उन्होंने विरोध किया।
जगतपाल जब बदमाशों पर भारी पड़ने लगे तो एक बदमाश ने चाकू निकाल कर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे छाती पर दो गहरे घाव हो गए, जिससे वो लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। जख्मी हालत में उन्हें जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एसीपी जसोद सिंह मेहता की देखरेख में एसएचओ ज्ञानेश्वर और स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर राहुल अधिकारी देखरेख में एसआई सुखबीर सिंह, सुशील रावत, प्रमोद, एएसआई महेश और राजीव की टीम बनाई गई। सीसीटीवी कैमरों, टेक्निकल सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस के जरिए दो आरोपियों को यूपी के शालीमार गार्डन, जबकि एक को हरियाणा के सोनीपत से दबोच लिया।




