शाहदरा के रामनगर में चार मंजिला इमारत में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू कर कई लोगों को बचाया

सुनील कुमार शर्मा/नई दिल्ली। शाहदरा जिला अंतर्गत रामनगर इलाके में शुक्रवार को एक चार मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना जल्द दमकल को दी गई, जिससे समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। इस आगजनी में कुछ लोगों की घायल होने की सूचना है।
राजधानी दिल्ली में आग लगने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।ताजा मामला शाहदरा जिला अंतर्गत रामनगर इलाके से सामने आया है। जहां शुक्रवार शाम को एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कवायद में जुट गई। जानकारी के अनुसार, दमकल की टीम ने ग्रामीणों की मदद से पहले बिल्डिंग में फंसे लोगों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया। आग पर पूरी तरीके से काबू पा लिया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि राम नगर में तकरीबन 5:30 बजे चार मंजिला इमारत में आग लग गई. आग बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। ग्राउंड फ्लोर में वाइपर बनाने का काम होता था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग से निकलने वाला धुआं ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। पहले और दूसरी मंजिल पर कोई मौजूद नहीं था, लेकिन तीसरी मंजिल पर मौजूद लोग बिल्डिंग में
फंस गए।
इस दौरान, धुएँ की वजह से बुजुर्ग महिला बेहोश हो गई। पड़ोसी किसी तरीके से बिल्डिंग में फंसे लोगों तक पहुंचे। इस बीच दमकल की टीम भी मौके पर पहुंच गई और बिल्डिंग में फंसे लोगों को निकाल लिया। दमकल अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरीके से काबू पा लिया गया है। घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है, आशंका है कि शॉर्टसर्किट की वजह से आग लगी है।
इस घटना के मामले में शाहदरा के डीसीपी सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि जैसे ही आग लगने की सूचना पुलिस को मिली वैसे ही तत्काल मानसरोवर पार्क थाने के एसएचओ, शाहदरा थाने एसएचओ, एसीपी एवं वह स्वयं मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य में जुट गए।पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना में घायल चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है।
इस मामले में अपडेट जानकारी देते हुए फायर डायरेक्टर ने बताया कि यह आग बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। जिसमें काफी संख्या में रबड़ के आइटम, कटिंग मशीन आदि रखे हुए थे। वहां से 6 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। जिनमें से एक बच्चा भी शामिल है। और सभी को कैट के एंबुलेंस और पीसीआर के द्वारा नजदीक अस्पताल भेजा गया है। जिस बिल्डिंग में यह हादसा हुआ है वह चार मंजिला बिल्डिंग है। जो 50 स्क्वायर यार्ड में बना हुआ है। आग पर कंट्रोल कर लिया गया है। पूरी तरह बुझाने का काम चल रहा है।




