देहरादून आरटीओ में तनाव मुक्ति की अनोखी पहल, लंच टाइम में लूडो खेल तरोताजा हो रहे अधिकारी-कर्मचारी

देहरादून/एजेंसी। लगातार बढ़ते काम के दबाव से सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से मानसिक तनाव की बात सामने आती रही है। देहरादून के संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में इस प्रकार के तनाव को कम करने के साथ ही कार्यस्थल को सकारात्मक ऊर्जा से भरने के उद्देश्य से नई पहल शुरू की गई है।
लंच टाइम में अब अधिकारी और कर्मचारी आधे घंटे तक लूडो खेलकर तनाव दूर कर स्वयं को तरोताजा कर रहे हैं। आरटीओ संदीप सैनी की ओर से शुरू किए गए इस प्रयास से कार्यस्थल पर सामंजस्य और टीम भावना की मजबूती का मार्ग प्रशस्त किया है।
संभागीय परिवहन कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, टैक्स, चालान और अन्य सेवाओं को लेकर रोजाना भीड़ रहती है। ऐसे में मानसिक थकान कर्मचारियों की कार्यक्षमता को प्रभावित करती है।
लंच टाइम में खेल का यह छोटा-सा प्रयास कर्मचारियों को तरोताजा कर रहा है, जिसका असर कामकाज में भी दिखने लगा है।
कर्मचारियों का कहना है कि खेल के बाद वह खुद को अधिक ऊर्जावान और सकारात्मक महसूस करते हैं। चिड़चिड़ापन कम हुआ है और आमजन से व्यवहार में भी सुधार आया है। वरिष्ठ और कनिष्ठ कर्मचारियों के बीच की दूरी भी घट रही है।
आरटीओ कार्यालय में कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य के साथ शारीरिक फिटनेस पर भी ध्यान देने की तैयारी है। लूडो के बाद अगला कदम पिकल बाल कोर्ट तैयार करने का है।
जल्द ही कार्यालय परिसर में पिकल बाल खेलने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि कर्मचारी लंच टाइम या कार्यालय समय के बाद खेल के माध्यम से व्यायाम भी कर सकें। इससे न केवल तनाव कम होगा, बल्कि फिटनेस, टीमवर्क और अनुशासन को भी बढ़ावा मिलेगा।




