मोहम्मद इस्लाम 35 साल से कर रहे रामचरित मानस का पाठ, सुंदरकांड भी करते हैं, कई राज्यों से आता है बुलावा

मिर्जापुर/उत्तर प्रदेश। मिर्जापुर जिले के रहने वाले मोहम्मद इस्लाम प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त हैं। पिछले 35 वर्षों से मोहम्मद इस्लाम राम चरित मानस का पाठ कर रहे हैं। कई लोग उन्हें अपने घरों में रामचरित मानस पाठ के लिए भी बुलाते हैं। मां सरस्वती की ऐसी कृपा इस्लाम के ऊपर है कि उनका रामचरित मानस पाठ सुनने के लिये अलग-अलग प्रदेशों से बुलावा आता है। अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर उन्होंने कहा कि यह मंदिर बहुत पहले ही बन जाना चाहिए था। प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद हम श्रीरामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगे।
मिर्जापुर जिले के पहाड़ी ब्लॉक के धर्मदेवा गांव के रहने वाले मोहम्मद इस्लाम भगवान श्रीराम के उपासक हैं। मुस्लिम होते हुए भी इस्लाम राम की भक्ति में लीन रहते हैं। इस्लाम पहले गांव में अपने साथियों के संग सुंदरकांड पाठ के लिए जाते थे। धीरे-धीरे उनकी भगवान राम के प्रति भक्ति बढ़ती गई कि लोग घरों में रामचरित मानस पाठ में इस्लाम को आमंत्रित करने लगे। इस्लाम को उत्तर प्रदेश ही नही बल्कि मुम्बई, दिल्ली और मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से राम चरित मानस पाठ के लिए बुलावा आने लगा। गांव के लोगों ने उन्हें व्यास की भूमिका दे दी। अभी भी इस्लाम भगवान राम की भक्ति में लीन होकर राम चरित मानस का पाठ करते हैं। उनको देखकर कोई कह नहीं पाएगा की वह मुस्लिम हैं।
इस्लाम ने कहा कि प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर बहुत पहले ही बन जाना चाहिए था। यहां पर सभी लोग एक हैं। भगवान ने सभी को इंसान बना कर भेजा है। उन्होंने कहा कि हमारे गांव में आज भी रामलीला होती है। रामलीला में हम सभी लोग भाग लेते हैं। हमें खुशी होती है कि वहां पर कोई धर्म और जाति नहीं होता है। सब एक होकर अपना पाठ करते हैं। हमें अच्छा लगता है कि हमारे गांव में ऐसा होता है। उन्होंने आगे कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रभु श्री राम के दर्शन लिए अयोध्या जरूर जाऊंगा।




