रेप पीड़िता थाने में कर रही थी इंतजार, इधर थानेदार से लेकर कॉन्स्टेबल तक सड़क पर नाचते रहे

बैतूल/मध्य प्रदेश। देश में नए कानून लागू होने के बाद पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है। बैतूल जिले में पहले ही दिन नए कानून की धज्जियां भी उड़ी है। बैतूल पुलिस ढोल की थाप पर नाच रही थी और एक रेप पीड़िता केस दर्ज कराने के लिए थाने में इंतजार कर रही थी। वह सुबह से शाम तक थाने में इंतजार करती रही है लेकिन पुलिस ने उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की। थाने के टीआई सहित पूरा स्टॉफ सड़क पर डांस करने में बिजी था। दरअसल, बैतूल के मुलताई थाने में सोमवार के दिन एक विधवा महिला खुद के साथ हुई ज्यादती की एफआईआर दर्ज कराने पहुंची थी। महिला को शादी का झांसा देकर एक शख्स ने उसका शारीरिक शोषण किया और शादी करने से इनकार कर दिया । महिला थाने में सुबह से शाम तक बैठी रही लेकिन थाने का पूरा स्टॉफ इस दौरान नदारद था।
सोमवार के दिन मुलताई के एसडीओपी एसपी सिंह रिटायर हुए और मुलताई थाने में उनकी विदाई पार्टी थी। एसडीओपी को घोड़ी पर बैठाकर ढोल धमाकों के साथ पूरे शहर में घुमाया गया। इस दौरान थाने के टीआई राजेश सातनकर सहित पूरा स्टॉफ वर्दी पहने सड़कों पर डांस करते दिखाई दिया। टीआई ने सबसे पहले डांस की शुरुआत की और इसके बाद पूरा स्टॉफ डांस में शामिल हुआ। जब ये वीडियो सामने आया तो बैतूल पुलिस को शर्मसार होना पड़ा। एसपी ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
एक तरफ पुलिस का जश्न जारी था तो दूसरी तरफ दुष्कर्म पीड़िता थाने में सुबह से शाम तक बैठी रही। फिर वापस चली गई। एसपी के मुताबिक पीड़िता को थाने में अटेंड किया गया है लेकिन एफआईआर क्यों नहीं हुई इसकी भी जांच करेंगे।
वहीं, किसी अधिकारी के रिटायरमेंट पर उन्हें फेयरवेल देना एक परंपरा है लेकिन जिस तरह मुलताई थाने की पुलिस ने बेशर्मी के साथ सड़कों पर ठुमके लगाए, वो बेहद शर्मनाक था। दूसरी तरफ ये आयोजन ऐसे समय हो रहा था, जब एक पीड़िता और अन्य कई पीड़ित अपनी शिकायतें दर्ज कराने थाने में बैठे पुलिसकर्मियों का इंतजार कर रहे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button