ग्रेटर नोएडा में अवैध गैस रिफिलिंग रैकेट का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार, 13 सिलिंडर जब्त

ग्रेटर नोएडा। जिला प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने दादरी के नत्थू चौक तुलसी विहार कॉलोनी में दबिश देकर अवैध रूप से 14.2 किलो वाले घरेलू सिलिंडर से पांच किलो वाले छोटे सिलिंडर में गैस रिफिल करते हुए एक आरोपित को पकड़ा है। मौके से टीम ने अलग-अलग कंपनियों के कुल 13 घरेलू गैस सिलिंडर भी बरामद किया है। मौके से सिलिंडर रिफिल करने वाले उपकरण भी बरामद हुए हैं।
जिला प्रभारी पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम का कहना है कि पुलिस के साथ मिलकर उनकी टीम ने दादरी में जांच अभियान चलाया। इस दौरान नत्थू चौक तुलसी विहार कालोनी में विनय कुमार के यहां टीम ने दबिश दी। छानबीन के दौरान मौके से टीम को विभिन्न कंपिनयों के कुल 13 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद हुए हैं।
इनमें भारत पेट्रोलियम के दो भरे हुए, दो खाली सिलिंडर, इण्डेन कंपनी की छह खाली सिलिंडर, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के तीन खाली सिलिंडर बरामद किए गए। इसके अलावा एक पांच किलोग्राम का नॉन आईएसआई मार्का छोटा सिलिंडर भी बरामद हुआ है।
मौके से टीम ने गैस रिफिलिंग के उपकरण, इलेक्ट्रानिक मशीन, लोहे एवं पीतल का रिफिलिंग नोजल युक्त मशीन, एक मीटर लंबी रबड़ पाइप व रेगुलेटर शामिल हैं। इस प्रकरण में टीम ने विनय कुमार निवासी पैसई, जनपद एटा के खिलाफ दादरी थाने में मामला दर्ज कराया गया।




