फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाने वाला कांस्टेबल गिरफ्तार, ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली में है तैनात

ग्रेटर नोएडा। स्वतंत्रता सेनानी का स्वजन होने के फर्जी दस्तावेज लगाकर पुलिस विभाग में कांस्टेबल की नौकरी हासिल करने वाले युवक के खिलाफ सूरजपुर कोतवाली में मामला दर्ज हुआ है। आरोपित कांस्टेबल वर्तमान में रबूपुरा कोतवाली में तैनात है। पिछले कई साल से कांस्टेबल की नौकरी कर रहा है। आरोपित कांस्टेबल बिना सूचना के अपनी ड्यूटी से एक सप्ताह से गायब है।
वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्थापना लखनऊ में तैनात उप निरीक्षक अशोक कुमार मलिक की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रबूपुरा कोतवाली में तैनात कांस्टेबल सोहनपाल धामा के खिलाफ फर्जी दस्तावेज के आधार पर नौकरी पाने की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि सोहनपाल ने उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का स्वजन होने का दावा करते हुए एक प्रमाण पत्र पुलिस विभाग को दिया था। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का पुत्र या पौत्र होने पर पुलिस भर्ती में विशेष लाभ का प्रविधान है।
इस प्रमाण पत्र के आधार पर सोहनपाल को पुलिस विभाग में कांस्टेबल की नौकरी मिल गई। आरोपित कांस्टेबल मूलरूप से बागपत जिले के सांकरोद गांव का रहने वाला है। विभागीय जांच में पता चला कि आरोपित के परिवार में कोई स्वतंत्रता सेनानी नहीं है।




