सीतापुर में सरकारी धन का बंदरबांट! पहले ट्रायल में ही भराभराकर गिर गई करोड़ों की पानी की टंकी
Government money wasted in Sitapur! A water tank worth crores of rupees collapsed in the first trial itself

सीतापुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के सीतापुर में सरकारी धन के घोटाले का मामला सामने आया है। जल जीवन मिशन के तहत विकासखंड महोली के गांव चितहला में पानी की टंकी का निर्माण हुआ। इसमें तीन करोड़ 75 लाख रुपये की लागत आई। बीते रविवार को पानी की टंकी भरभराकर जमींदोज हो गई। पानी की टंकी के साथ ही बाउंड्री वॉल भी गिर गया। गनीमत रही कि थोड़ी दूर पर मौजूद गार्ड इसकी चपेट में नहीं आया वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर पहुंचे एसडीएम अभिनव यादव का कहना है कि मामले की रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी। गांव के प्रधान ने बताया कि मानकविहीन बनाई जा रही पानी की टंकी शिकायत हमने उच्च अधिकारियों से की थी। इसके बावजूद ठेकेदार ने टंकी का निर्माण करवा दिया। इसमें गुणवत्ताविहीन सामग्री लगाई गई। इसी का नतीजा है कि पहले ट्रायल में ही पानी की टंकी नीचे गिर गई। इस पूरे हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यूजर्स सरकारी धन में बंदरबांट का आरोप लगा रहे हैं।
पहली बार भरा गया था टंकी में पानी
ग्रामीणों के मुताबिक, बीते शनिवार को पहली बार टंकी में पानी भरा गया। रविवार को दोपहर तीन बजे के बाद पानी की सप्लाई दिए जाने के बाद टंकी भरभराकर नीचे गिर गई। विकासखंड महोली के गांव चितहला में जल जीवन मिशन के तहत ककरहिया औश्र चिहहला गांव के बीच पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था।




