चक्का फेंक में भारत के योगेश कथूनिया ने फिर जीता रजत

नई दिल्ली। भारत के योगेश कथूनिया ने मंगलवार को विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की एफ-56 चक्का फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीता। योगेश ने विश्व पैरा चैंपियनशिप में लगातार चौथा पदक जीता। यह उनका तीसरा रजत पदक है।
28 वर्षीय कथूनिया ने दूसरे प्रयास में 42.49 मीटर दूर चक्का फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं विश्व रिकॉर्ड धारी ब्राजील के स्टार क्लाउडिने बाटिस्टा ने 45.67 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक जीता। 2019 से बाटिस्टा का भी विश्व चैंपियनशिप में यह लगातार चौथा स्वर्ण पदक रहा। योगेश ने 2023 और 2024 की विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी चक्का फेंक में रजत पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने 2021 और 2024 के पैरालंपिक खेलों में दो रजत पदक भी जीते हैं। 2019 में उन्हें चक्का फेंक में कांस्य पदक भी मिला था।
जीत के बाद हरियाणा के बहादुरगढ़ के योगेश कथूनिया ने कहा कि अपने घर के मैदान में रजत पदक जीतने का अनुभव अलग है। उन्होंने कहा कि अब पदक का रंग बदलने का समय भी मेरे लिए आएगा। कथुनिया ने कहा कि अगर कुछ सख्त नियमों न होते तो वह और बेहतर कर सकते थे। उन्होंने कहा कि बेल्ट को बहुत कसकर बांधा गया था जिससे मूवमेंट में दिक्कत होती है और दूरी कम से कम 3-4 मीटर कम हो जाती है।
सऊदी अरब के नाईफ अलमसराह ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ टी44 के फाइनल में 10.94 सेकेंड के समय के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं न्यूट्रल पैरा एथलीट डेविड जाटीव ने पुरुषों की 200 मीटर दौड़ टी35 में, स्पेन के डेविड जोस पिनेडा मेजिया ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ टी20 में और ट्यूनीशिया के यासीन घारबी ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ टी54 में चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीते।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button