बेखौफ बदमाशों की खुलेआम फायरिंग पर एसएसपी का एक्शन, कोतवाल और चौकी प्रभारी निलंबित

गाजियाबाद ब्यूरो। सीकरी रोड पर दुकान खाली कराने को लेकर मंगलवार सुबह हुई 15 राउंड फायरिंग के मामले में मोदीनगर कोतवाल योगेंद्र सिंह व साहबनगर चौकी प्रभारी सतीश कुमार पर बुधवार को गाज गिरी। एसएसपी मुनिराज जी ने दोनों को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच बैठाई है।
मोदीनगर कोतवाली पर आरोप है कि वे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाने में विफल रहे हैं। दिवाली पर जहां स्थानीय पुलिस को शासन स्तर से अलर्ट रहने के आदेश थे। इसके बावजूद लापरवाही और ढिलाई बरती गई, जिसके चलते बेखौफ बदमाशों ने सीकरी रोड पर सरेराह खुलेआम फायरिंग की। उनमें पुलिस का डर नहीं दिखा। इसलिए एसएसपी ने मामले में गंभीरता बरतते हुए कोतवाल व चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की।
बता दें कि शहर में पिछले चार महीने से लूट, चोरी व हत्या जैसी घटनाओं की बाढ़ आ गई थी। तमाम शिकायतों के बाद भी घटनाएं थम नहीं रही थी। एसएसपी लगातार थाने की मानिटरिंग पर थे। त्योहार पर भी जब इतनी बड़ी घटना हुई तो उनके खिलाफ कार्रवाई निश्चित हो गई।



